भीलवाड़ा: युवती भगाने के विवाद में अधेड़ का अपहरण, दो आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा के प्रताप नगर में बेटे द्वारा युवती को भगाने से नाराज दो भाइयों ने अधेड़ का अपहरण किया, पुलिस ने गाडरमाला के जंगलों से सकुशल मुक्त कराया।

भीलवाड़ा में लड़की को भगाकर ले जाने के विवाद ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया। शहर के पटेलनगर बंजारा बस्ती निवासी एक युवक के अपहरण के मामले में प्रताप नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सकुशल मुक्त करवाकर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि अपहृत के बेटे द्वारा एक युवती को फरार कर ले जाने से नाराज आरोपितों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रताप नगर थाने के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के अनुसार, पटेलनगर बंजारा बस्ती निवासी करण बंजारा ने गुरुवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 7 बजे उसके पिता राजूलाल बंजारा पशुओं के लिए रिजका लेने घर से निकले थे। कुछ देर बाद परिवादी के बड़े पिता के लड़के ने अपने मोबाइल पर सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर एक वायरल वीडियो देखा, जिसमें दो लोग राजूलाल बंजारा को जबरन उठाकर ले जाने की बात कह रहे थे।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने करण बंजारा की रिपोर्ट पर तत्काल अपहरण का मामला दर्ज किया। थानाधिकारी के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अपहृत राजूलाल की तलाश शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच और पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने बंजारा बस्ती के नजदीक मेजा नहर की पुलिया के पास अचानक घेराबंदी कर राजूलाल बंजारा का अपहरण किया था। दोनों आरोपित उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे।
सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह और उनकी टीम ने आरोपितों की लोकेशन ट्रेस कर गाडरमाला के घने जंगलों में दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपित घबरा गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए राजूलाल बंजारा को आरोपितों के चंगुल से सकुशल मुक्त करवा लिया। इस मामले में पुलिस ने कांवाखेड़ा निवासी करमा और श्यामलाल पुत्र भैंरूलाल बंजारा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि अपहृत राजूलाल बंजारा का एक बेटा कुछ समय पहले एक युवती को भगा ले गया था। भगाई गई युवती की सगाई आरोपितों के भांजे के साथ तय थी। इसी विवाद और नाराजगी के चलते आरोपितों ने अपहरण की इस वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी, जबकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत को सुरक्षित छुड़ाना बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
