भीलवाड़ा में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, आरक्षण तुरंत लागू करने की मांग
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर भीलवाड़ा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए पोस्टकार्ड और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

भीलवाड़ा के संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान के दौरान बैनर थामे महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
महिला आरक्षण यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग को लेकर भीलवाड़ा में महिला कांग्रेस ने जोरदार हुंकार भरी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश और प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में जिला महिला कांग्रेस ने विशाल पोस्टकार्ड और हस्ताक्षर अभियान चलाकर केंद्र सरकार पर महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों को टालने का आरोप लगाया।
स्थानीय संकट मोचन हनुमान मंदिर, हेड पोस्ट ऑफिस के पास आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से महिला कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के नाम सैकड़ों पोस्टकार्ड और डाक पत्र लिखे गए, जिनमें आगामी चुनावों में सभी 543 लोकसभा सीटों पर महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू करने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार एवं जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात के अध्यक्ष रामलाल जाट ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण से लेकर देश को पहली महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री देने तक कांग्रेस ने महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाया है।
रामलाल जाट ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने के बाद उसे जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया में उलझाकर ठंडे बस्ते में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के साथ छलावा है और आधी आबादी को उनका अधिकार तत्काल मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि आगामी चुनावों में सभी 543 लोकसभा सीटों पर बिना किसी शर्त के महिला आरक्षण लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र सरकार इस मुद्दे पर ठोस निर्णय नहीं लेती।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सालवी ने कहा कि भीलवाड़ा की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर प्रचारित किया, लेकिन उसे लागू करने की नीयत नहीं दिखाई।
सुशीला सालवी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के आह्वान पर चलाए गए इस पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यदि सरकार की नीयत साफ है तो वह तुरंत इस कानून को लागू करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गायत्री देवी त्रिवेदी सहित महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष खुशबू गुर्जर, भामिनी राठौड़, धन्ना देवी योगी, अनीता पारीक, दुर्गेश कंवर, राजमंणी व्यास और ज्योति उपाध्याय ने अपनी टीम के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई।
इसके अलावा वरिष्ठ महिला कांग्रेस पदाधिकारी सुगना की बलाई, अलका लढ़ा, कैलाश देवी तिवारी, नाती देवी, सुमन पुरोहित, ज्योति नागर, संगीता पारीक, जमना देवी सालवी, सीमा खटीक और कृष्णा शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर महिला आरक्षण बिल को अविलंब लागू करने का संकल्प दोहराया। भीलवाड़ा में चला यह अभियान अब महिला कांग्रेस के राज्यव्यापी आंदोलन की मजबूत कड़ी के रूप में देखा जा रहा है, जिसने महिला राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे को एक बार फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
