भीलवाड़ा: माहेश्वरी पब्लिक स्कूल का 10वीं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम
10वीं बोर्ड परीक्षा में दृष्टि माहेश्वरी ने 97.6% अंक के साथ किया टॉप, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 66 छात्राओं का हुआ भव्य सम्मान समारोह।

भीलवाड़ा (राजस्थान)। श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल (गर्ल्स), आजाद नगर ने सीबीएसई की कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। विद्यालय की सभी छात्राओं ने अपनी मेधा और कड़े परिश्रम के दम पर सफलता प्राप्त कर संस्थान और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महेश सेवा समिति के सदस्यों द्वारा उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को दुपट्टा ओढ़ाकर, कलम और उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समिति के निर्देशक एवं स्कूल प्रभारी दिलीप तोषनीवाल ने परीक्षा परिणामों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए बताया कि कक्षा दसवीं में विद्यालय की कुल 66 छात्राएं सम्मिलित हुई थीं, जिनमें से सभी सफल रहीं। परीक्षा परिणामों में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली तीन मेधावी छात्राओं में दृष्टि माहेश्वरी ने 97.6 प्रतिशत, अलास्का रॉय साध ने 97 प्रतिशत तथा देशना जैन ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। इसी प्रकार 90 से 95 प्रतिशत के मध्य 8 छात्राओं ने स्थान बनाया, जिनमें भव्या शर्मा (94.4%), श्रृष्टि जैन (94.4%), मनस्वी पुरोहित (94%), रितिशा आर्या (93.8%), लावण्या तंवर (93%), अवनी डाड (91.2%), भूमिका अजमेरा (90.4%) तथा मनस्वी सोमानी (90.4%) सम्मिलित हैं। इसके अतिरिक्त 85 से 90 प्रतिशत के बीच 10 छात्राएं, 80 से 85 प्रतिशत में 7 छात्राएं, 75 से 80 प्रतिशत में 13 छात्राएं, 70 से 75 प्रतिशत में 8 छात्राएं, 60 से 70 प्रतिशत में 15 छात्राएं तथा 55 से 60 प्रतिशत अंक श्रेणी में 2 छात्राओं ने सफलता अर्जित की।
समारोह को संबोधित करते हुए महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओम नराणीवाल ने प्रेरणादायी शब्दों में कहा कि परिश्रम जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सच्चा और भरोसेमंद रास्ता है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समिति के सचिव राजेंद्र कचोलिया ने अपने उद्बोधन में रेखांकित किया कि बेहतर परिणाम के लिए सतत परिश्रम तथा सही मार्गदर्शन की अनिवार्य आवश्यकता होती है, जो इस विद्यालय में निरंतर प्रदान किया जा रहा है और यही कारण है कि यहाँ की छात्राएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
समारोह के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, आजाद नगर में अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना उनके लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यहाँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ पूर्ण सुरक्षा और आधुनिक परिवेश के अनुरूप शिक्षा दी जाती है। समिति के निर्देशक एवं स्कूल प्रभारी दिलीप तोषनीवाल और चंद्र प्रकाश कालिया ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अल्पा सिंह ने सभी छात्राओं को उनके भावी लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उत्तीर्ण छात्राओं के अभिभावकों ने समिति के सदस्यों, प्रधानाचार्या और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात उप प्रधानाचार्या श्रीमती रुचि रस्तोगी ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
