महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग (एमपीएल)-2026 क्रिकेट महाकुंभ का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को मोदी ग्राउंड में उत्साह, खेल भावना और सामाजिक एकता के माहौल के बीच हुआ। आयोजन के उद्घाटन के साथ ही मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

श्रीनगर माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित क्रिकेट महोत्सव में समाज के विभिन्न क्षेत्रों और आयु वर्गों की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। एमपीएल के मुख्य प्रभारी कैलाश ईणानी, अर्चित मुन्द्रड़ा, अभिजित सारड़ा एवं प्रमोद डाड ने बताया कि 21 जून तक चलने वाले इस आयोजन ने समाज के युवाओं में खेलों के प्रति विशेष उत्साह का संचार किया है।

उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला भोपालगंज प्रथम और शास्त्री नगर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच के दौरान लगे चौके-छक्कों और रोमांचक पलों ने क्रिकेट प्रेमियों को लगातार रोमांचित बनाए रखा।

संयोजक अतुल राठी, नगर मंत्री सुरेशचंद्र बिड़ला तथा मीडिया प्रभारी पंकज पोरवाल ने बताया कि उद्घाटन समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा सहित अनेक गणमान्यजन, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ मुकाबले खेलने का आह्वान किया। सह-संयोजक केजी राठी तथा मुख्य खेल प्रभारी रोशन देवपुरा और मुकेश चेचाणी ने कहा कि एमपीएल-2026 केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को सशक्त करने वाला आयोजन है।

आयोजन समिति के अनुसार आगामी दिनों में लीग मुकाबलों के साथ क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे, जिनमें खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिलेगा। समापन पर संयोजक मंडल ने समाजजनों, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। एमपीएल-2026 का यह महाकुंभ खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता और युवा ऊर्जा को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story