वर्ल्ड फादर्स डे पर भीलवाड़ा में भावनात्मक सम्मान समारोह, पितृ सेवा के प्रतीक बने राजेंद्र सिंघवी व अमित पोखरना सम्मानित
भीलवाड़ा में वर्ल्ड फादर्स डे पर आयोजित विशेष समारोह में जैन समाज के दो पितृ भक्तों को माहेश्वरी समाज द्वारा सम्मानित किया गया। करोड़ों के सेवा कार्यों और पितृ स्मृति से जुड़े इस सम्मान ने सभी को भावुक कर दिया।

भीलवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित अतिथि राजेंद्र सिंघवी (बाएं) और अमित पोखरना (दाएं) को स्मृति चिन्ह भेंट करते अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अशोक सोडाणी (मध्य)।
भीलवाड़ा में वर्ल्ड फादर्स डे के अवसर पर रविवार को एक सादे किंतु भावनात्मक समारोह में पितृ भक्तों के सम्मान ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर समाजसेवा और पारिवारिक मूल्यों के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले दो व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा किया गया, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव डॉ अशोक सोडाणी ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर दोनों विभूतियों को उपरणा, पगड़ी एवं क्लब का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जैन समाज से जुड़े राजेंद्र सिंघवी और अमित पोखरना को “पितृ भक्त” के रूप में सम्मान प्रदान किया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों ही पिछले लगभग दो दशकों से अपने-अपने माता-पिता की स्मृति में निरंतर परमार्थ कार्यों में सक्रिय रहे हैं और अब तक करोड़ों रुपये से अधिक के सामाजिक सेवा कार्य कर चुके हैं। विशेष बात यह रही कि दोनों ही व्यक्तित्व अब तक किसी भी प्रकार के सार्वजनिक सम्मान से दूर रहे हैं।
राजेंद्र सिंघवी अपने दिवंगत माता-पिता स्वर्गीय दीपचन्द सिंघवी एवं स्वर्गीय शान्ता देवी सिंघवी की स्मृति में पिछले बीस वर्षों से शिक्षा, चिकित्सा, ब्लड डोनेशन कैंप, नेत्र शिविर, गौशालाओं को सहायता, पशु-पक्षियों के लिए पानी की टंकियाँ, बर्ड हाउस जैसी अनेक सेवाएँ निरंतर कर रहे हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांव रूद में माता-पिता की स्मृति में विद्यालय भवन निर्माण का संकल्प भी लिया है।
इसी प्रकार अमित पोखरना, अपने स्वर्गीय माता-पिता बादाम देवी पोखरना एवं मीठा लाल पोखरना की स्मृति में पिछले दो दशकों से “जी-9” नाम से पक्षियों के लिए परिंडा वितरण अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही वे सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद बच्चों को जर्सी, स्वेटर और कंबल उपलब्ध कराकर निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ अशोक सोडाणी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करना है जो बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा में लगे हैं, चाहे वे किसी भी धर्म या समाज से संबंधित हों। उन्होंने इसे समाज में सेवा और संवेदना की भावना को प्रोत्साहित करने वाला प्रयास बताया।
यह आयोजन न केवल पितृ स्मृति को समर्पित रहा, बल्कि समाज में निस्वार्थ सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति सम्मान की एक सशक्त मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
