भीलवाड़ा: पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने किया महेश स्पोर्ट्स एकेडमी का लोकार्पण
अंतरराष्ट्रीय उद्योगपति नुवाल ने बच्चों के चहुमुखी विकास और आधुनिक शिक्षा में AI के महत्व पर जोर दिया, माहेश्वरी समाज के प्रबुद्ध जन कार्यक्रम में रहे मौजूद।

भीलवाड़ा में आयोजित समारोह के दौरान महेश स्पोर्ट्स एकेडमी का लोकार्पण करते मुख्य अतिथि पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल, साथ में रामपाल सोनी, संदीप काबरा और अन्य गणमान्य अतिथि।
भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय उद्योगपति पद्मश्री सत्यनारायण जी नुवाल ने महेश स्पोर्ट्स एकेडमी के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि "शिक्षा के साथ बच्चों का चहुमुखी विकास होना चाहिए।" नुवाल ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि "बच्चों में संघर्ष उनकी पात्रता प्राप्त करने की झलक होती है" और इस एकेडमी के माध्यम से बच्चों के जीवन का सर्वांगीण विकास होगा।
विचारों में बदलाव और आधुनिक शिक्षा की आवश्यकता
इस गरिमामयी अवसर पर माहेश्वरी समाज के पूर्व सभापति रामपाल जी सोनी ने कहा कि अच्छी शिक्षा के साथ आज की सबसे बड़ी आवश्यकता को महेश सेवा समिति द्वारा बनाई गई स्पोर्ट्स एकेडमी पूरा करेगी। उन्होंने वर्तमान समय की मांग पर चर्चा करते हुए कहा कि "वर्तमान समय में अच्छी शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पाठ्यक्रम में आमूलचूल परिवर्तन की जरूरत है।" श्री सोनी ने तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि "जमाना आ गया है कि हम बच्चों को AI के माध्यम से आगे बढ़ाएं।" उन्होंने याद दिलाया कि समय के साथ समाज ने 2007 में भीलवाड़ा अंतरराष्ट्रीय महा-अधिवेशन और जोधपुर में बदलते परिवेश के अनुसार तेजी से बदलाव की आवश्यकता महसूस की थी, क्योंकि विचारों में बदलाव के साथ क्रांति जरूरी है।
पद्मश्री नुवाल का संघर्षपूर्ण जीवन और प्रेरणा
श्री सोनी ने पद्मश्री सत्यनारायण जी नुवाल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि "छोटी सी जगह हुरड़ा से निकले नुवाल जी ने कई उतार-चढ़ाव और तकलीफों के बाद भी सत्य का साथ नहीं छोड़ा और आज इस बुलन्दियों पर हैं।" उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा कि "नुवाल जी की मेहनत, क्षमता और लक्ष्य के साथ प्रेरणा लेकर अहंकार रहित जीवन जीने की कला के साथ आगे बढ़ना चाहिए।"
समाज की चुनौतियां और स्किल डेवलपमेंट
माहेश्वरी महासभा के अध्यक्ष संदीप जी काबरा ने नुवाल जी को देश का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने समय की आवश्यकता के सपनों को साकार किया है। काबरा ने सामाजिक उत्तरदायित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि "देश में सबसे बड़ा काम स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों की चिंता करना है।" उन्होंने बताया कि माहेश्वरी समाज ने दो वर्ष पूर्व HBC का महिलाओं को लगने वाला टीका अभियान शुरू कर 18 हजार महिलाओं का टीकाकरण कर चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि "महेश एकेडमी को स्किल डेवलपमेंट के साथ-साथ खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों को पहुँचाने की जरूरत है" और अब समाज के लोगों को नए भवनों की जगह स्पोर्ट्स भवन बनाने की जरूरत है।
विकास की अनंत सीमाएं और खेल की अनिवार्यता
भीलवाड़ा के सांसद दामोदर जी अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि "विकास की कोई सीमा नहीं होती है, कठोर मेहनत से ही अंतरिक्ष छू सकते हैं और यह कार्य पद्मश्री नुवाल जी ने कर दिखाया है।" नितिन स्पिनर्स के चेयरमैन दिनेश जी नोलखा ने स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि "पैसठ वर्ष पूर्व शुरू हुए शिक्षा के विद्यालय की कार्यप्रणाली के बाद आज शुरू हुई एकेडमी से भीलवाड़ा शहर के स्वास्थ्य में सुधार होगा।" उन्होंने बच्चों के लिए खेल को अनिवार्य करने की बात कही। संदीप मोटर्स के चेयरमैन श्रीगोपाल राठी ने महेश एकेडमी शुरू करने पर सभी का आभार जताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अतिथियों का सम्मान
इससे पूर्व सभी अतिथियों ने श्री महेश सेवा समिति द्वारा निर्मित महेश स्पोर्ट्स एकेडमी का विधिवत लोकार्पण किया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें शिव और कृष्ण लीलाओं के नृत्य, "जैसी करनी वैसी भरनी" की तर्ज पर नाट्य रूपांतरण तथा स्वामी विवेकानंद, ईश्वर आराधना और रामायण पर आधारित प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
समारोह के अंत में श्री नुवाल, श्री सोनी, श्री काबरा, श्री अग्रवाल, श्री नोलखा और श्री राठी के साथ ही श्री महेश सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं माहेश्वरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम जी चेचानी, शिव नारायण जी दरक, पर्यावरणविद बाबू लाल जी जाजू और राष्ट्रीय सहसचिव जगदीश जी कोगटा को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश नारानीवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सचिव एडवोकेट राजेन्द्र कचोलिया ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जगदीश कोगटा द्वारा किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
