भीलवाड़ा: श्री महेश पब्लिक स्कूल में 'अभिरुचि शिविर' का हुआ शुभारंभ
शिविर में बच्चों और महिलाओं के कौशल विकास हेतु एरोबिक्स, संगीत, एआई और रोबोटिक्स जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।

भीलवाड़ा के श्री महेश पब्लिक स्कूल में अभिरुचि शिविर के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि जितेंद्र रांघेय, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, प्रधानाचार्या और प्रतिभागी छात्र।
भीलवाड़ा। श्री महेश पब्लिक स्कूल के प्राइमरी विंग में बच्चों और महिलाओं की अंतर्निहित प्रतिभा को मंच प्रदान करने हेतु 'अभिरुचि शिविर 2026-27' का विधिवत शुभारंभ किया गया। 11 मई 2026 से 23 मई 2026 तक चलने वाले इस विशेष शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि दैनिक भास्कर के मुख्य संपादक श्री जितेंद्र रांघेय, श्री महेश सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। श्री महेश सेवा समिति के निर्देशक व विद्यालय प्रभारी श्री दिनेश शारदा ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि यह शिविर प्रातः एवं सायंकालीन दोनों पारियों में संचालित हो रहा है, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न विधाओं का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश नराणीवाल, सचिव श्री राजेंद्र कुमार कचौलिया, उपाध्यक्ष श्री कृष्ण गोपाल जाखेटिया, उपाध्यक्ष श्री सत्यनारायण मूंदड़ा, सह-सचिव श्री प्रह्लाद राय हींगड़, कोषाध्यक्ष श्री राजेश बाहेती तथा संचालक सदस्य श्री ओम प्रकाश मालू, श्री केदारमल जागेटिया, श्री दिलीप तोषनीवाल, श्री सुरेश चंद्र काबरा एवं श्री चंद्र प्रकाश काल्या के गरिमामयी तत्वाधान में आयोजित इस शिविर में गतिविधियों का व्यापक विस्तार रखा गया है। प्रातःकालीन सत्र में प्रतिभागियों हेतु एरोबिक्स, जुम्बा, अंग्रेजी व हिंदी हैंडराईटिंग इंप्रूवमेंट, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, जुडो-कराटे, डांस, क्रिकेट, स्केटिंग, शूटिंग, इंग्लिश ग्रामर एवं वोकेबलरी, वैदिक गणित, ड्रॉइंग, जिमनास्टिक्स, बैडमिंटन, कंप्यूटर, चेस, म्यूजिक, सोशल मीडिया मास्टरी, एंकरिंग तथा एआई एंड रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया गया है।
वहीं, सायंकालीन पारी विशेष रूप से विविध कलाओं को समर्पित है, जिसमें म्यूजिक (वोकल एवं इंस्ट्रूमेंटल), टेक्सचरल आर्ट, हैंडराइटिंग इम्प्रूवमेंट एंड रीडिंग, एंकरिंग एंड मास कम्युनिकेशन, केक एवं कुकीज बेकिंग, हेयर स्टाइल, बेसिक मेकअप एवं साड़ी ड्रेपिंग, ज्वेलरी मेकिंग, डांस, रंगोली, ड्रॉइंग एंड स्केचिंग, पेपर आर्ट, स्पोकन इंग्लिश, पर्ल आर्ट, मेहंदी, फायरलेस कुकिंग, उपहार सज्जा (गिफ्ट रैपिंग), लिप्पन आर्ट, रेजिन आर्ट, चॉकलेट एवं आइसक्रीम मेकिंग तथा क्रिकेट जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। मुख्य अतिथि श्री जितेंद्र रांघेय ने शिविर का अवलोकन करते हुए विद्यालय के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने का सशक्त माध्यम हैं।
प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने इस आयोजन को सकारात्मक सोच और कौशल विकास के लिए मील का पत्थर बताया। समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों श्री ओमप्रकाश नराणीवाल, श्री राजेंद्र कुमार कचौलिया, श्री राजेश बाहेती एवं श्री दिनेश शारदा ने संयुक्त रूप से विश्वास जताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के आत्मविश्वास में वृद्धि करना और उन्हें मनोरंजन के साथ-साथ नई विधाओं से जोड़ना है। बड़ी संख्या में हो रहे पंजीकरण इस आयोजन की सफलता की पुष्टि कर रहे हैं, जो प्रतिभागियों के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव सिद्ध होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
