महेश नवमी महोत्सव के तहत महेश छात्रावास परिसर में आयोजित चतुर्थ मेगा रक्तदान शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया। समाज के युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजित इस शिविर में कुल 401 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

नगर कोषाध्यक्ष गोपाल नरानीवाल एवं मीडिया प्रभारी पंकज पोरवाल ने बताया कि शिविर का शुभारंभ पूर्व सभापति रामपाल सोनी, प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी और जिलाध्यक्ष अशोक बाहेती के आतिथ्य में भगवान महेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अतुल राठी तथा नगर अध्यक्ष केदार गगरानी, नवनिर्वाचित अध्यक्ष केदार जागेटिया और मंत्री सुरेश बिड़ला के नेतृत्व में हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान भी किया।

रक्तदान शिविर सुबह 8:15 बजे प्रारंभ हुआ और शाम 5 बजे तक संचालित रहा। रक्तदान से पूर्व सभी इच्छुक रक्तदाताओं की ब्लड प्रेशर, शुगर सहित आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। शिविर में महात्मा गांधी हॉस्पिटल ब्लड बैंक, कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक और भीलवाड़ा ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीमों ने रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी संभाली। आयोजन स्थल पर रक्तदाताओं के लिए जलपान, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।

शिविर की सफलता में बनवारी सोमानी, राहुल डाड, अनूप समदानी, शांतिलाल डाड, विवेक पटवारी, आकाश तोतला, राजेश सोमानी, रौनक कोठारी, अंकित कास्ट, खुशबू लोढ़ा माहेश्वरी और अंकित काबरा सहित समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिला मंडल का विशेष योगदान रहा।

रक्तदान प्रभारी तरुण सोमानी और राकेश काबरा ने बताया कि शिविर के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, सीओ सदर नेमीचंद चौधरी, महेश सेवा समिति के राजेंद्र कचोलिया, निदेशक दिलीप तोषनीवाल, बांगड़ वेलफेयर सोसाइटी के राधेश्याम सोमानी, अनिल बांगड़, प्रहलादराय लढ़ा, जगदीश कोगटा, सुनील बियानी, प्रमोद डाड, विनय माहेश्वरी और अभिजीत शारदा सहित अनेक समाजबंधुओं ने शिविर का अवलोकन कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह रक्तदान शिविर सेवा और सामाजिक सरोकारों की भावना को सशक्त करने का माध्यम बन रहा है। इस वर्ष 401 यूनिट रक्त संग्रहित होने पर सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया। समापन अवसर पर रक्तदाताओं का सम्मान किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और जीवनदायी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story