"ऊं त्र्यंम्बकम यजामहे सुगंधिम पुष्टिवर्धनम्, उर्वारुकमिव बंधनान् मृत्यौर्मुक्षीय मामृतात्" - महामृत्युंजय मंत्र के इन पवित्र मंत्रोच्चार से शनिवार की सुबह भीलवाड़ा स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर का शिवालय गुंजायमान हो उठा। महेश नवमी महोत्सव 2026 के पावन उपलक्ष्य में आयोजित '7 दिन 7 शिवालय' कार्यक्रम के छठे दिन भक्ति और आस्था का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब द्वारा संचालित यह सात दिवसीय आयोजन, भगवान महेश के प्रति समर्पित है, जिसके तहत 1 जून से 7 जून तक देश भर में नियमित रूप से दुग्धाभिषेक और सामूहिक मंत्र जाप किया जा रहा है।

भीलवाड़ा में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का संचालन क्लब के राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी और राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधार रामचन्द्र मून्दड़ा ने बताया कि शनिवार को छठे दिन की विशेष आराधना के तहत क्लब के समस्त पदाधिकारियों ने लक्ष्मी नारायण मंदिर के शिवालय में एकत्र होकर भगवान शिव का श्रद्धा भाव से दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान उपस्थित भक्तों ने सामूहिक रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस आध्यात्मिक आयोजन की गरिमा को बढ़ाते हुए, क्लब की 133 जिला शाखाओं के सदस्यों की ओर से भगवान महेश को 108 रुद्राक्ष मणकों की माला अर्पित की गई। इस अवसर पर भजन गायिका डॉ. सुमन सोनी ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए 'तेरा गंगा किनारे डेरा ओ बाबा भोलेनाथ' भजन प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी भक्तगणों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी, जिलाध्यक्ष कान्ता बी.एल. मेलाणा, डॉ. राखी प्रमोद राठी, डॉ. भागचन्द सोमानी, गीता जगदीश चन्द्र मून्दड़ा और सूत्रधार रामचन्द्र मून्दड़ा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर के पंडित विष्णु शंकर शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सात दिवसीय महोत्सव न केवल भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है, बल्कि देश भर में माहेश्वरी समुदाय को आध्यात्मिक सूत्र में पिरोने का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध हो रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story