भीलवाड़ा में महेश नवमी महोत्सव: खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
श्रीनगर माहेश्वरी सभा द्वारा आयोजित महोत्सव में 07 जून से रक्तदान शिविर, प्रो कबड्डी और क्रिकेट सहित विभिन्न धार्मिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।

भीलवाड़ा में प्रेस वार्ता के दौरान नगर अध्यक्ष केदार गगरानी और संयोजक अतुल राठी आगामी महेश नवमी महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए।
श्रीनगर माहेश्वरी सभा के तत्वावधान में इस वर्ष महेश नवमी महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और अभूतपूर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह का संचार है और विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। महेश नवमी महोत्सव के भव्य आयोजन के संदर्भ में माहेश्वरी भवन, नागौरी गार्डन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष केदार गगरानी एवं संयोजक अतुल राठी ने जानकारी दी कि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 07 जून को प्रथम रक्तदान शिविर के साथ होगा। उसी शाम रामेश्वरम भवन में 'मंथन' नामक भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी।
महोत्सव के अंतर्गत 08 से 21 जून तक महेश स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा खेलकूद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 08 से 11 जून तक महेश प्रो कबड्डी प्रतियोगिता (डे-नाइट), 08 से 10 जून तक वॉलीबॉल शूटिंग (डे-नाइट), 10 से 12 जून तक बैडमिंटन, 11 से 13 जून तक पिकल बॉल, 12 से 14 जून तक शतरंज, 13 जून को स्केटिंग, 13 से 14 जून तक टेबल टेनिस, 14 जून को चेयर रेस, 17 से 18 जून तक कैरम, 20 जून को धीमी गति बाइक रेस एवं कपल रिले दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सह-संयोजक सुरेश बिरला, कृष्ण गोपाल राठी एवं अर्चित मूंदड़ा ने बताया कि खेलकूद महोत्सव में 12 से 21 जून तक माहेश्वरी क्रिकेट प्रतियोगिता (डे-नाइट) और 09 से 11 जून तक महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच भी देखने को मिलेगा।
इसी क्रम में नगर माहेश्वरी महिला संस्थान द्वारा श्री महेश पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें मम्मी बुलाओ-बेबी आओ, क्ले क्रिएशन-सिंबलिग कनेक्शन, बाल भक्ति संग हनुमान चालीसा प्रस्तुति, ममता की पाठशाला-संस्कारों की दौड़, कौन बनेगा माहेश्वरी माइंड मास्टर, सास और बहू-रिश्तों की रैंप वॉक, नारी मांडना एवं इन्फ्लुएंसर विद मॉम जैसी अनेक प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
मीडिया प्रभारी पंकज पोरवाल ने बताया कि 23 जून को सुबह 7:00 बजे बालाजी मार्केट स्थित श्री बालाजी मंदिर में पं. आशुतोष शर्मा के सानिध्य में भगवान महेश का महाअभिषेक होगा, साथ ही नगर माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं में भी अभिषेक संपन्न कराया जाएगा। चारभुजा नाथ बड़ा मंदिर में 23 जून को प्रातः 5:15 बजे अभिषेक, 9:15 बजे दर्शन व भजन, 11:00 बजे ध्वजा पताका स्थापना, 11:15 बजे छप्पन भोग तथा दोपहर 12:15 बजे महाआरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम निर्धारित है। महोत्सव का समापन 23 जून को सायं 4:30 बजे राजेंद्र मार्ग से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और सायं 6:00 बजे रामेश्वरम में लगभग 18 हजार माहेश्वरी बंधुओं के सामूहिक स्नेह भोज के साथ होगा। सभा के पदाधिकारियों ने समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
