'हर हर महादेव' और 'जय महेश' के उद्घोषों के साथ आर.सी. व्यास कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। अवसर था अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब, भीलवाड़ा द्वारा आयोजित सात दिवसीय महेश नवमी महोत्सव 2026 के समापन का, जो रविवार को शिवाभिषेक के साथ संपन्न हुआ। पुरुषोत्तम अधिकमास एवं महेश नवमी के पावन पर्व पर 'महेश नवमी महोत्सव: दम्पत्ति संग शिव आराधना' विषयक इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता की एक नई अनुभूति प्रदान की।

महोत्सव के अंतिम दिन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में क्लब के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से महामृत्युंजय मंत्र के जाप के साथ भगवान महेश का दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान समाज की 133 जिला शाखाओं के सभी सदस्यों की ओर से 108 रुद्राक्ष मणकों की एक विशेष माला भगवान भोलेनाथ को अर्पित की गई। क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी के कुशल मार्गदर्शन में, यह सात दिवसीय अनुष्ठान बिना किसी आडंबर और तनाव के, केवल भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मूल मंत्र 'हमारी सनातन संस्कृति, हमारी ताकत' रहा, जिसका उद्देश्य माहेश्वरी दम्पतियों को भगवान महेश की भक्ति से जोड़कर पारिवारिक सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करना था।

भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष डॉ. चेतना सुनील जागेटिया ने बताया कि इस संपूर्ण आयोजन के सूत्रधार रामचन्द्र मून्दड़ा के संयोजन में 1 जून से 7 जून तक शहर के सात विभिन्न शिवालयों में प्रतिदिन शिवाभिषेक किया गया। महोत्सव की श्रृंखला के तहत 1 जून को धांधोलाई तालाब पाल स्थित चामुण्डा माता मंदिर, 2 जून को आर.के. कॉलोनी कम्युनिटी हॉल के समीप स्थित बलशाली बालाजी मंदिर, 3 जून को बालाजी मार्केट स्थित पेच का बालाजी मंदिर, 4 जून को चित्तौड़ रोड स्थित रामधाम मंदिर में बारह ज्योतिर्लिंग शिवालय, 5 जून को काशीपुरी स्थित खाटूश्याम मंदिर, 6 जून को लक्ष्मी नारायण मंदिर स्थित शिवालय और अंततः 7 जून को आर.सी. व्यास कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में यह आध्यात्मिक कार्यक्रम पूर्ण हुआ।

समापन समारोह में क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी, जिलाध्यक्ष डॉ. चेतना जागेटिया, पूर्व जिलाध्यक्ष कान्ता बी.एल. मेलाणा, जिला पदाधिकारी एडवोकेट नीलम दरगड़, डॉ. राखी प्रमोद राठी, डॉ. भागचन्द सोमानी, गीता जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, सूत्रधार रामचन्द्र मून्दड़ा एवं एस्ट्रोलोजर चेतना पुरुषोत्तम बसेर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय भजन गायिका डॉ. सुमन सोनी ने भजनों की प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सत्य देव शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता पर सूत्रधार रामचन्द्र मून्दड़ा और अन्य पदाधिकारियों को क्लब की ओर से स्मृति पोस्टर भेंट किए गए। साथ ही, एस्ट्रोलोजर चेतना पुरुषोत्तम बसेर ने उपस्थित पदाधिकारियों को श्रीमद्भागवत पुराण भेंट कर इस पावन आयोजन को धर्ममय बना दिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story