महेश नवमी महोत्सव में प्रतिभाओं का उत्सव: महिलाओं और युवाओं ने बौद्धिक एवं सांस्कृतिक मंचों पर बिखेरा हुनर
महेश नवमी महोत्सव के तहत भीलवाड़ा में आयोजित बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘माइंड मास्टर’ और वाद-विवाद प्रतियोगिता ने विशेष आकर्षण बटोरा।

भीलवाड़ा के श्री महेश पब्लिक स्कूल में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के समापन पर उपस्थित नगर माहेश्वरी महिला संस्थान की पदाधिकारी, अतिथि और प्रतिभागी महिलाएं।
महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में मंगलवार को उत्साह, ज्ञान और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री नगर माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में नगर माहेश्वरी महिला संस्थान द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन “ममता की पाठशाला: संस्कारों की दौड़”, “कौन बनेगा माहेश्वरी माइंड मास्टर” तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्थान की अध्यक्षा वीणा मोदी ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में संस्कारों, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है। वहीं सचिव विनीता तोषनीवाल ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाया।
“ममता की पाठशाला: संस्कारों की दौड़” प्रतियोगिता में माताओं ने बच्चों को संस्कारों के महत्व, उनके व्यवहारिक उपयोग और जीवन में उनकी भूमिका से परिचित कराया। प्रतियोगिता की मुख्य प्रभारी रीना डाड रहीं, जबकि इसका संयोजन पुराना शहर माहेश्वरी महिला संगठन की ज्योति भदादा एवं अनीता बाहेती ने किया। प्रतियोगिता में शीतल जागेटिया ने प्रथम, खुशबु बसेर ने द्वितीय तथा अर्चना शारदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद आयोजित “कौन बनेगा माहेश्वरी माइंड मास्टर” प्रतियोगिता ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। माहेश्वरी वॉरियर्स, माहेश्वरी राइजिंग स्टार्स, माहेश्वरी चैंपियंस, माहेश्वरी प्राइड, माहेश्वरी लीजेंड्स, माहेश्वरी रॉयल्स और माहेश्वरी शक्ति सहित सात टीमों के बीच ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतिभागियों ने हॉट सीट पर बैठकर सामान्य ज्ञान और बौद्धिक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की मुख्य प्रभारी शशि अजमेरा एवं लीला राठी रहीं, जबकि संयोजन बसंत विहार माहेश्वरी महिला संगठन की शोभा राठी और सुनीता लड्डा ने किया। कार्यक्रम की तकनीकी रूपरेखा तैयार करने में आरूषी राठी का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता में माहेश्वरी शक्ति प्रथम, माहेश्वरी प्राइड द्वितीय तथा माहेश्वरी वॉरियर्स तृतीय स्थान पर रही।
वाद-विवाद प्रतियोगिता ने आयोजन को विचारोत्तेजक आयाम प्रदान किया। “फ्यूचर वर्सेस फैमिली – प्राथमिकता की परख” विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने करियर और पारिवारिक मूल्यों के बीच संतुलन को लेकर अपने तर्कपूर्ण विचार रखे। प्रतियोगिता का आयोजन सीमा बिरला एवं जतन हिंगड़ के मुख्य प्रभार में हुआ, जबकि आर.के.आर.सी. व्यास महिला संगठन की पल्लवी लढ़ा और रंजना बिरला ने संयोजन की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता में आंचल माहेश्वरी ने प्रथम, देवांशी मालू ने द्वितीय तथा भूमिका लढ़्ढा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजन में अतिथि के रूप में ओम नराणीवाल, अतुल राठी, राजेन्द्र कचोलिया, प्रमोद डाड, गोपाल नराणीवाल, अर्चित मुंदड़ा, अंकित लखोटिया, शांति लाल डाड, लीला नराणीवाल, वीना राठी, राखी राठी और मीनू झंवर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं व्यवस्थापन में अनु मोदी, लीना कोठारी, नीलम दरगड़, चेतना बसेर, कल्पना सोनी और शीतल अजमेरा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, प्रभारियों, संयोजकों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया। महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने न केवल समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि संस्कार, ज्ञान और पारिवारिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त संदेश भी दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
