वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में भीलवाड़ा में एक बार फिर स्वाभिमान, राष्ट्रभावना और साहित्यिक चेतना का संगम देखने को मिलेगा। भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में 20 जून 2026, शनिवार को रात्रि 8:30 बजे नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार में भव्य “स्वाभिमान कवि सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा।

भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा के सचिव सतीश बोहरा ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के संयोजक एवं सूत्रधार के रूप में ओजस्वी कवि योगेन्द्र शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने विशिष्ट संचालन से कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

कवि सम्मेलन में देशभर के ख्यातनाम कवियों और कवयित्रियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें क्रांतिकारी युवा कवि राम भदावर, लोकप्रिय गीतकार राव अजातशत्रु, हास्य एवं पारिवारिक संवेदनाओं के लिए प्रसिद्ध पंडित सुनील व्यास, मशहूर कवयित्री श्वेता सिंह, हास्य पैरोडीकार संजीव सजल तथा ‘वाह-वाह’ मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके वायरल कवि अतुल ज्वाला शामिल हैं। सभी रचनाकार अपने काव्यपाठ से श्रोताओं को देशभक्ति, स्वाभिमान, हास्य और संवेदनाओं के विविध रंगों से रूबरू कराएंगे।

भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा की अध्यक्ष श्रीमती उमा मिश्रा ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस बार कवि सम्मेलन का आयोजन आजाद चौक के स्थान पर भीलवाड़ा नगर निगम के टाउन हॉल स्थित महाराणा प्रताप सभागार में रखा गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह स्वाभिमान कवि सम्मेलन न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि वीरता, राष्ट्रगौरव और सांस्कृतिक चेतना के संदेश को भी व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story