महाराणा प्रताप जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर भीलवाड़ा में भव्य दीपदान, राष्ट्रभक्ति से आलोकित हुआ वातावरण
भीलवाड़ा में महाराणा प्रताप जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य दीपदान कार्यक्रम में सैकड़ों दीपों से आलोकित हुआ वातावरण। राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष की गूंज के बीच उमड़ा जनसैलाब।

भीलवाड़ा के महाराणा प्रताप सर्किल पर मंगलवार शाम 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य दीपदान कार्यक्रम में उपस्थित नागरिक और सजाई गई प्रतिमा।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जन्मदिवस एवं 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार सायंकाल भीलवाड़ा के महाराणा प्रताप सर्किल (पांसल चौराहा) पर आयोजित भव्य दीपदान कार्यक्रम ने श्रद्धा, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। सैकड़ों दीपों की उजास से आलोकित परिसर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण किया।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपदान के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्सव का वातावरण दिखाई दिया। महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति पर आधारित गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। देशभक्ति के नारों और जयघोषों से वातावरण स्वाभिमान एवं राष्ट्र गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ चेतक पर अश्वारूढ़ महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर बबलू सिंह ठूमिया, विभाग संघचालक चांदमल सोमानी, महानगर संघचालक कैलाश चन्द्र खोईवाल तथा रघुनन्दन सिंह कानावत ने प्रतिमा का माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
आकर्षक सजावट और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वक्ताओं ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप के त्याग, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
समारोह समिति के संयोजक महेश चन्द्र तथा सह-संयोजक रविकांत व्यास, रघुनन्दन सिंह कानावत और ओमप्रकाश लढ़्ढा ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाने वाले सभी समाजबंधुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस दीपदान कार्यक्रम को अभूतपूर्व जनसमर्थन प्राप्त हुआ, जो महाराणा प्रताप के प्रति समाज की अटूट श्रद्धा और सम्मान को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 17 जून को उदयपुर के गांधी मैदान में आयोजित 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के विराट समारोह में भाग लेने के लिए भीलवाड़ा से बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी एवं कार्यकर्ता बसों द्वारा रवाना होंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत संबोधित करेंगे।
महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्र गौरव की भावना को समर्पित यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का माध्यम बना, बल्कि समाज में इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के प्रति बढ़ती जागरूकता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
