भीलवाड़ा में सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए लग्जरी और स्लीपर बसों पर सख्त कार्रवाई की। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों, बसों में आगजनी की घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एक माह का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भीलवाड़ा में आज व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

सघन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक ट्रेवल्स बस को सील कर दिया गया, जबकि एक अन्य बस का चालान बनाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बस संचालकों और ट्रेवल्स संचालकों में हड़कंप मच गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने जिला परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर शहर के बाहरी चौराहों पर नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान वहां से गुजरने वाली सभी लग्जरी और स्लीपर बसों को रोककर उनके सुरक्षा मानकों, आपातकालीन द्वारों (Emergency Exits), अग्निशामक यंत्रों तथा फिटनेस संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।

यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क पर उतरे इस संयुक्त दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य, जिला परिवहन विभाग के आला अधिकारी, स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। अभियान के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों के पालन की विशेष रूप से जांच की गई।

हाल के दिनों में हाईवे पर स्लीपर और लग्जरी बसों में आग लगने तथा भीषण दुर्घटनाओं के कई मामले सामने आए हैं। अधिकांश घटनाओं में बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, इमरजेंसी गेट के जाम होने और सुरक्षा उपकरणों के अभाव जैसी गंभीर कमियां सामने आई हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए एक माह का यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा, "यात्रियों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर नियमों की अनदेखी पाई गई, तो आगे भी इसी तरह की सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।" प्रशासन की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story