भीलवाड़ा में आकाशीय बिजली का कहर: नाना-दोहती की मौके पर मौत, 7 बकरियां भी चपेट में आईं
भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के कलाल खेड़ी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से धर्मा नाथ और उनकी 11 वर्षीय दोहती गायत्री नाथ की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 बकरियां भी चपेट में आ गईं। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के कलाल खेड़ी गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बकरियां चरा रहे एक वृद्ध और उनकी 11 वर्षीया दोहती (नातिन) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 7 बकरियां भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मर गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे कलाल खेड़ी निवासी धर्मा नाथ (65) अपनी दोहती गायत्री नाथ (11) के साथ खेत में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से धर्मा नाथ और गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में चर रही 7 बकरियों ने भी दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि उनके पास करीब 50 भेड़-बकरियां थीं, जिनसे वे अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस और राजस्व विभाग से गिरदावर डाल चंद भील तथा पटवारी नंदकिशोर बैरवा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर शवों का पंचनामा तैयार किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर भिजवाया।
डॉ. अभिनव मीणा ने बताया कि रात हो जाने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दुखद हादसे के बाद कलाल खेड़ी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
