भीलवाड़ा में वकील और परिवार पर तलवारों से हमला, न्यायिक कार्य का बहिष्कार
कुलदेवी के दर्शन करने गए सेशन कोर्ट के अधिवक्ता राहुल मालावत और परिजनों पर विक्की सांसी व साथियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के विरोध में वकीलों ने सोमवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया।

भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में उपचाराधीन घायल अधिवक्ता राहुल मालावत.
भीलवाड़ा में अधिवक्ताओं पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले एक वकील पर हुए चाकू से हमले का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि रविवार, 11 अक्टूबर को सुभाष नगर थाना क्षेत्र में सेशन कोर्ट के अधिवक्ता राहुल मालावत और उनके परिजनों पर तलवारों व अन्य हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। कुलदेवी बीजासन माता के दर्शन करने पहुंचे अधिवक्ता और उनके परिवार पर हुए इस हमले में सिर और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद वकील समुदाय में आक्रोश फैल गया है। पूर्व के चाकूबाजी मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और नई वारदात के विरोध में वकीलों ने सोमवार को न्यायालय में पूर्ण न्यायिक कार्य के बहिष्कार की घोषणा की है।
मंदिर के मुख्य द्वार पर घात लगाकर बैठे थे हमलावर
पीड़ित अधिवक्ता राहुल मालावत, पुत्र ज्ञानमल मालावत, निवासी अंबेडकर कॉलोनी, कोतवाली थाना क्षेत्र ने पुलिस को दिए पर्चा बयानों में बताया कि रविवार को करीब 11:30 बजे वे अपने परिवार के साथ दो वाहनों में सवार होकर सांगानेर कॉलोनी स्थित कुलदेवी बीजासन माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। यह मंदिर सोफिया स्कूल के पीछे, मूक-बधिर विद्यालय के पास स्थित है।
राहुल मालावत के साथ उनके चाचा देश कुमार मालावत, माता सन्नू देवी, पत्नी तब्बू मालावत, भाई विश्वास मालावत, छोटे भाई हस्तीमल और चाची बउकंवर भी मौजूद थीं। आरोप है कि जैसे ही वे मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे विक्की सांसी और उसके साथियों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक हमला कर दिया।
सिर और हाथों पर तलवारों से किए ताबड़तोड़ वार
पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। आरोप है कि राहुल मालावत के सिर पर तलवार से जोरदार वार किया गया, जिससे गहरा घाव हो गया और करीब 14 टांके आए। हमले के दौरान उनके हाथ पर भी वार किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे विश्वास मालावत के सिर पर विक्की सांसी ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में 9 से 11 टांके आए।
इसी दौरान हमलावरों ने हस्तीमल पर तलवार घोंपने का प्रयास किया। तलवार उनकी कलाई और हाथ में धंस गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के समय मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और परिजनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों की जान बचाई। आरोप है कि हमलावर जाते-जाते पीड़ितों की कार में भी जमकर तोड़फोड़ कर गए।
अधिवक्ता ने रंजिश से किया इनकार, हमले को बताया पूर्व-नियोजित
महात्मा गांधी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में उपचाराधीन अधिवक्ता राहुल मालावत ने मीडिया को बताया कि हमलावरों से उनकी पहले कोई रंजिश नहीं थी। न ही किसी प्रकार का जमीन संबंधी या आपसी विवाद था। उन्होंने कहा कि हमला पूरी तरह पूर्व-नियोजित था, क्योंकि आरोपी हथियारों से लैस होकर मंदिर परिसर में पहले से घात लगाकर बैठे थे।
राहुल मालावत के अनुसार, यदि मौके पर मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव नहीं करते, तो हमलावर उनकी हत्या कर देते। घटना में अधिवक्ता और उनके परिजनों को आई गंभीर चोटों के साथ वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप भी मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
पुलिस ने दर्ज किए बयान, संदिग्धों से पूछताछ जारी
घटना की सूचना के बाद सुभाष नगर थाना पुलिस महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची और घायल अधिवक्ता राहुल मालावत के पर्चा बयान दर्ज किए। पुलिस ने बीएनएस की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एक ही महीने में वकीलों पर हमले की दूसरी बड़ी घटना सामने आने और पूर्व के चाकूबाजी मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में सोमवार को न्यायालय में पूर्ण न्यायिक कार्य के बहिष्कार की घोषणा की गई है। अब मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर वकील समुदाय की नजर है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
