भीलवाड़ा के आरजिया में जमीन विवाद पर फॉर्च्यूनर सवारों की फायरिंग, तीन डिटेन
भीलवाड़ा के आरजिया में पुस्तैनी जमीन के विवाद को लेकर फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने महिला और उसके बेटों से मारपीट की और लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग की। पुलिस ने तीन आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ शुरू की।

तस्वीर में मांडल थाना क्षेत्र के जमीन विवाद और फायरिंग मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के ग्राम आरजिया (जाटों का खेड़ा) में पुस्तैनी कृषि भूमि पर कब्जे और विवाद को लेकर फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने एक बुजुर्ग महिला और उसके बेटों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों समेत तीन लोगों को डिटेन किया है।
मांडल डीएसपी राहुल जोशी ने बताया कि धूलखेड़ा निवासी मंजू देवी पत्नी मोहनलाल जाट (50) ने मांडल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादिया के अनुसार शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने पुत्र राहुल जाट के साथ आरजिया जाटों का खेड़ा स्थित अपनी पुस्तैनी कृषि भूमि पर खेती का काम कर रही थी। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर सोहन वैष्णव, उसका पुत्र मयंक वैष्णव और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे।
आरोप है कि खेत पर पहुंचते ही आरोपियों ने गालियां देना शुरू कर दिया और मंजू देवी के साथ हाथापाई व मारपीट करने लगे। मां के साथ मारपीट होते देख पुत्र राहुल जाट बीच-बचाव के लिए आगे आया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद राहुल ने अपने भाई महावीर को फोन कर मौके पर बुलाया।
महावीर के खेत पर पहुंचते ही आरोपितों ने लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से खेत में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए परिवार को जान से खत्म करने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलने पर मांडल थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह नरूका भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की और तीन आरोपियों को डिटेन कर लिया।
पुलिस के अनुसार डिटेन आरोपियों की पहचान मलाण निवासी सोहनलाल पुत्र शंकरलाल वैष्णव, उसके बेटे मयंक वैष्णव और मध्य प्रदेश के भिंड जिले के कटनी थाने के मंसूरी निवासी सैयाद खान पठान (60) पुत्र काले खां पठान के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
