भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र स्थित खातीखेड़ा चौराहे पर जमीन विवाद को लेकर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। प्रातःकाल समाचार पत्र में मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुए। गंगापुर उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर ने विवादित जमीन पर रिसीवरी का आदेश जारी करते हुए गंगापुर थाना पुलिस को रिसीवर नियुक्त कर दिया। इसके बाद जमीन की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस को सौंप दी गई है।

उपखंड अधिकारी के आदेश के बाद विवादित जमीन पर गंगापुर थाना पुलिस का जाब्ता तैनात कर दिया गया है। अब जमीन की निगरानी और सुरक्षा पुलिस की देखरेख में होगी। जमीन को लेकर दोबारा किसी तरह का विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।

गौरतलब है कि खातीखेड़ा चौराहे पर जमीन विवाद को लेकर पहले ही तनावपूर्ण हालात बन गए थे। इस मामले में मकान को जेसीबी से तोड़ने, आग लगाने और परिवार पर हमला करने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आई थीं। घटनाक्रम में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल बन गया था।

प्रातःकाल समाचार पत्र ने इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाते हुए प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हुई। गंगापुर उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर ने रिसीवरी का आदेश जारी कर विवादित जमीन पर प्रशासनिक हस्तक्षेप किया और पुलिस को उसकी जिम्मेदारी सौंप दी।

वहीं, गंगापुर थाना पुलिस ने मामले में रसूखदार आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने की कार्रवाई भी की है। प्रशासनिक आदेश के बाद अब खातीखेड़ा चौराहे की विवादित जमीन पुलिस की निगरानी में रहेगी। इससे जमीन पर किसी नए विवाद या अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि मीडिया में मामला प्रमुखता से उठाए जाने और लगातार समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने विवादित जमीन को लेकर ठोस कदम उठाया है। अब सबकी निगाहें मामले में आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई और जमीन विवाद के अंतिम निस्तारण पर टिकी हैं। प्रातःकाल की खबर के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए रिसीवरी का आदेश जारी किया और विवादित जमीन पर पुलिस तैनात कर दी।

Next Story