भीलवाड़ा के विवेकानंद नगर में एक सूने मकान में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है। पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

घटना के अनुसार, विवेकानंद नगर निवासी पीयूष शर्मा अपने माता-पिता के साथ 19 जनवरी को आजाद नगर स्थित बहन के घर आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए थे। रात 9 बजे से 12:45 बजे तक उनका मकान पूरी तरह खाली था। इसी अवसर का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान के ताले तोड़कर प्रवेश किया और अलमारियों की तलाशी लेकर सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

चोर मकान से लगभग 3.5 तोला सोने के जेवर, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब-बिछिया और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की रिपोर्ट पीयूष शर्मा ने गांधीनगर थाना में दर्ज करवाई। जांच सहायक उप निरीक्षक रावत सिंह को सौंपी गई।

जांच के दौरान रिपोर्ट में दर्ज एक बाली और नगदी बाद में घर में ही सुरक्षित मिली, जिससे पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए अन्य सुरागों पर फोकस किया। तकनीकी और मुखबिर जानकारी के आधार पर फरहान खान पुत्र प्यारे खान पठान (मीरा नगर, मूल निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश) और दिनेश पुत्र दुर्गालाल रेगर (कोठियां, थाना फुलियाकला) को डिटेन कर पूछताछ की गई।

कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी की वारदात कबूली और बताया कि उनके एक अन्य साथी ने भी इसमें भाग लिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल तीसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है, और चोरी गए जेवरात व अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

इस घटना ने एक बार फिर सूने मकानों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जब घर खाली हो तो पड़ोसियों को सूचना दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story