भीलवाड़ा में चाकू दिखाकर बुजुर्ग महिला से मांदलिया लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
भीलवाड़ा के कोटड़ी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चाकू दिखाकर सोने का मांदलिया लूटने के मामले में छह महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने उसे मांडलगढ़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया।

भीलवाड़ा। जिले की कोटड़ी थाना पुलिस ने 9 फरवरी 2026 को जेठपुरा रोड पर बुजुर्ग महिला से चाकू की नोक पर सोने का रामनामी मांदलिया लूटने के मामले में छह महीने से फरार चल रहे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम देने के बाद फरार था। मामले में पुलिस पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर चुकी है।
वारदात 9 फरवरी 2026 को कोटड़ी थाना क्षेत्र के जेठपुरा रोड पर हुई थी। यहां बदमाशों ने एक वृद्ध महिला को अकेला पाकर चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और उनके गले से सोने का रामनामी मांदलिया लूट लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर कोटड़ी थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 30/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 311, 112 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 अप्रैल 2026 को घटना में शामिल पहले आरोपी गोवर्धन मोग्या (25 वर्ष), निवासी मंगलवाड़ चौराहा (चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से लूटा गया सोने का मांदलिया (माल-मशरूका) भी बरामद किया गया। इसके बाद अदालत के आदेश से उसे जेल भेज दिया गया था।
वारदात के बाद से दूसरा मुख्य आरोपी विशाल उर्फ विकास (19 वर्ष), निवासी भानुजा डांग, पुलिस थाना निकुंभ (चित्तौड़गढ़) फरार चल रहा था। 2 सितंबर 2026 को कोटड़ी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मांडलगढ़ सब-जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस टीम ने न्यायालय से आरोपी का प्रोडक्शन वारंट हासिल किया और उसे मांडलगढ़ जेल से हिरासत में लिया।
थाने लाकर आरोपी से गहन पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने विशाल उर्फ विकास को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और पुनः न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया। इस कार्रवाई के साथ चाकू की नोक पर बुजुर्ग महिला से सोने का मांदलिया लूटने के मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी भी हो गई।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
