भीलवाड़ा: कोली-खटीक मोहल्ले में आधी रात चोरों की आहट से हड़कंप, लाठी-डंडों के साथ निकले लोग
भीलवाड़ा के कोली और खटीक मोहल्ले में आधी रात संदिग्ध चोर की आहट से हड़कंप मच गया। लोगों ने लाठी-डंडों के साथ गलियों में तलाश की। पुलिस ने करीब एक घंटे सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा।

भीलवाड़ा शहर के कोली और खटीक मोहल्ले में बीती आधी रात संदिग्ध चोरों की आहट से हड़कंप मच गया। एक संदिग्ध व्यक्ति को भागते हुए देखे जाने के बाद मोहल्लेवासी सतर्क हो गए और दोनों बस्तियों के लोग लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ करीब एक घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा।
कोली मोहल्ला निवासी लक्ष्मीनारायण उर्फ लच्छू कोली ने बताया कि बीती देर रात वे लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान कोली मोहल्ले के पीछे स्थित खटीक मोहल्ले से 'चोर-चोर' का शोर सुनाई दिया। बस्ती के लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को भागते हुए देखा और उसका पीछा किया। शोर सुनकर दोनों मोहल्लों के लोग सतर्क हो गए और लाठी-डंडे लेकर गलियों में तलाश के लिए निकल पड़े। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने गलियों के साथ सूने बाड़ों में भी संदिग्धों की तलाश की। करीब एक घंटे तक चले सर्च अभियान के बावजूद कोई संदिग्ध नहीं मिला।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि दोनों मोहल्लों में हाल के दिनों में दो से तीन मकानों में चोरियां हो चुकी हैं। लोगों के मुताबिक पुलिस अभी तक इन चोरियों में शामिल शातिर चोरों का सुराग लगाकर उन्हें पकड़ नहीं पाई है। लगातार हो रही चोरियों और चोरों के पकड़ में नहीं आने से स्थानीय निवासियों में डर और रोष है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
