पंचायत समिति सहाड़ा की ग्राम पंचायत खांखला में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। जिला परिषद भीलवाड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देश पर पंचायत समिति सहाड़ा के विकास अधिकारी ने वर्तमान प्रशासक रतन लाल स्वर्णकार सहित तीन पूर्व ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ गंगापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, जिला परिषद भीलवाड़ा के आदेशों की पालना में ग्राम पंचायत खांखला में नियमों के विपरीत हुए कार्यों की प्रारंभिक जांच की गई थी। जांच के बाद संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए, जिसके आधार पर गंगापुर थाने में मामला दर्ज किया गया।

प्रकरण में वर्तमान प्रशासक रतन लाल स्वर्णकार के साथ तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह, माधव लाल कुम्हार और रमेश चंद्र सुथार को नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गंगापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच थानाधिकारी राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खांखला पंचायत में लंबे समय से उठ रहे वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच इस कार्रवाई को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

Next Story