भीलवाड़ा जिले की करेड़ा थाना पुलिस ने घर में घुसकर की गई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया एक किलो 40 ग्राम वजनी चांदी का कंदौरा शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।

मामले के अनुसार, बीज गोदाम चौराहा, करेड़ा निवासी मोहन पुत्र केशु रेगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब पांच दिन पूर्व उसने अपने घर के कमरे में रखे लोहे के बक्से में कपड़ों के नीचे सवा किलो चांदी का एक कंदौरा रखा था। गत 10 मई 2026 को सुबह करीब आठ बजे जब परिवादी की पत्नी एक सामाजिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए तैयार होते हुए कंदौरा देखने गई, तो वह बक्से से गायब मिला। अज्ञात चोर द्वारा की गई इस चोरी की घटना पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।

वारदात की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थानाधिकारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ पारंपरिक पुलिसिंग का समन्वय करते हुए क्षेत्र में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन अवलोकन किया। साथ ही, पूर्व में संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई और उनके मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों के गहन विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने करेड़ा स्थित रैगर मोहल्ला निवासी शंकर (27) पुत्र स्व. गोकुल रैगर को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने परिवादी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की सूचना पर चोरी किया गया 1 किलो 40 ग्राम चांदी का कंदौरा बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। इस सफल कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी पूरणमल के अतिरिक्त एएसआई नारायण सिंह तथा कांस्टेबल भगवान, जितेंद्र सिंह, शकूर और प्रदीप कुमार शामिल थे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story