भीलवाड़ा में चाकू दिखाकर विधवा के घर लूट, सोने के जेवर और नकदी ले गए बदमाश
भीलवाड़ा के थलखुर्द में बदमाशों ने चाकू दिखाकर विधवा के घर से सोने के जेवर और नकदी लूटी, पुलिस ने जांच शुरू की।

भीलवाड़ा के काछोला थाना क्षेत्र के थलखुर्द गांव में 19-20 अगस्त की दरम्यानी रात बदमाशों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर चाकू की नोक पर सोने के जेवर और नकदी लूट ली। वारदात रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। घटना के दौरान महिला के दोनों बेटे घर से बाहर थे, जबकि रूपा देवी गुर्जर और उनकी पुत्रवधू प्रेम देवी अलग-अलग कमरों में सो रही थीं।
बदमाशों ने प्रेम देवी के कमरे में घुसकर उनका मुंह दबा दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद डरा-धमकाकर उनके गले से लगभग 12 ग्राम सोने की रामनामी और कानों के सोने के टॉप्स उतरवा लिए। बदमाशों ने रूपा देवी के कमरे में रखी नकदी भी समेट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़िता के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। रात करीब 3 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही काछोला थानाधिकारी बालकिशन शर्मा रात करीब 3:30 बजे पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज कर संभावित सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं। थानाधिकारी ने पीड़ित परिवार को जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
