भीलवाड़ा के जहाजपुर में बस पलटने से 24 से अधिक यात्री घायल, 7 रेफर
भोपाल से जोधपुर जा रही जाखड़ ट्रैवल्स की स्लीपर बस नागदी बांध मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी।

भीलवाड़ा के जहाजपुर क्षेत्र में नागदी बांध मोड़ पर पलटी जाखड़ ट्रैवल्स की स्लीपर बस के हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य करते पुलिस और राहत दल के सदस्य।
भीलवाड़ा। जहाजपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब 3 बजे नागदी बांध मोड़ पर भोपाल से जोधपुर जा रही जाखड़ ट्रैवल्स की यात्रियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाखड़ ट्रैवल्स की बस मध्य प्रदेश के भोपाल से यात्रियों को लेकर जोधपुर जा रही थी। देर रात जहाजपुर क्षेत्र से गुजरते समय नागदी बांध मोड़ पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के दौरान हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पालिका चेयरमैन पति पवन वैष्णव की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम के सदस्यों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इसी बीच जहाजपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत कार्य में सहयोग किया।
दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को तत्काल उपजिला चिकित्सालय जहाजपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए सात गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा स्थित महात्मा गांधी चिकित्सालय रेफर किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक की लापरवाही और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में घायल यात्रियों में रमेश शर्मा (62) निवासी बकानी (झालावाड़), दिनेश देवासी (21) निवासी सेवकीमाला (जोधपुर), विशाल कुमार किराड़ (20) निवासी गऊखेड़ी (झालावाड़), रानी बंजारा (15), गोविंद बंजारा (14), भंवरलाल बंजारा (60), कैलाश बाई बंजारा (40) और पार्वती बंजारा (16), सभी निवासी बेडावे (जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश), कपिल बैरवा (30) निवासी बालाजी विहार, कल्याणपुरा (जयपुर), हनुमान सिंह राजपुरोहित (32) निवासी बापूनगर, शेरगढ़ (जोधपुर), मेहरबान बंजारा (28) और मंजू देवी बंजारा (28), दोनों निवासी त्रिलोकीपुरा (जिला गुना, मध्य प्रदेश), पप्पूलाल बैरवा (34) निवासी केरिया खुर्द (अजमेर), सतवीर जाटव (31) निवासी बरगंमा (करौली), उर्मिला रावत (32), यशपाल रावत (10) और प्रवीण रावत (8), निवासी बिहारीपुरा क्षेत्र (ब्यावर), प्रकाश लुहार (35) निवासी बम्बोर (जोधपुर), ज्योति लुहार (20) निवासी केकई कॉलोनी (जोधपुर), उमर फारुख (47) निवासी बाबा कॉलोनी, सुकेत (कोटा) तथा जमनालाल अहिरवाल (40) निवासी सेमलापर (जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश) शामिल हैं।
भोपाल से जोधपुर जा रही बस के नागदी बांध मोड़ पर पलटने से कई यात्रियों को चोटें आईं। सात गंभीर घायलों को भीलवाड़ा रेफर किया गया है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
