भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में कानून व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के कथित खौफ को दरकिनार कर चोरों ने इस बार भाजपा नेता और पूर्व पालिका उपाध्यक्ष भेरूलाल टांक के निवास को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने उस वक्त घर पर धावा बोला जब भाजपा नेता अपनी पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। महज तीन घंटे के अंतराल में हुई इस सेंधमारी ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।

घटनाक्रम के अनुसार, संतोषनगर निवासी भेरूलाल टांक गुरुवार सुबह 11 बजे अपनी पत्नी के साथ पूजा-अर्चना के लिए मंदिर निकले थे। दोपहर 2 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का मंजर देख दंग रह गए। घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और भीतर अलमारियां बेदर्दी से अंट लगाकर खोली गई थीं। चोरों ने कम समय में ही घर को पूरी तरह खंगाल डाला और वहां रखी 5 हजार रुपये की नकदी, चांदी के 20 सिक्के, चांदी की पायजेब, सोने का मंगलसूत्र, आधा तोला सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की झुमकी और तीन तोला सोने की रखड़ी पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही जहाजपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने हेतु सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय जनता का आक्रोश पुलिस की कार्यप्रणाली पर फूट पड़ा है। कस्बे के बाशिंदों का स्पष्ट आरोप है कि जहाजपुर में अब अपराधियों के मन से पुलिस का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। पूर्व में मंदिर, आश्रम और सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाने के बाद अब रिहायशी इलाकों में दिनदहाड़े हो रही इन वारदातों ने जनमानस में दहशत भर दी है। लगातार होती चोरियों के बावजूद पुलिस की विफलता ने प्रशासन पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Updated On
Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story