भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में रविवार को “स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन उत्साह, गरिमा और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। जिला प्रशासन तथा आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम शांति भवन में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने योग को मानवता के लिए भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताया। संदेश ने उपस्थित लोगों को योग के प्रति और अधिक जागरूक किया।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. जीएल शर्मा ने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम पूर्ण रूप से निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप आयोजित किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभागियों को यह संकल्प भी दिलाया गया कि वे अपने विचारों में संतुलन बनाए रखते हुए समाज में शांति, आनंद और स्वास्थ्य के प्रसार के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

कार्यक्रम का सफल संचालन आयुर्वेद विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने किया। समापन के साथ ही योग दिवस ने यह संदेश स्पष्ट किया कि नियमित योगाभ्यास ही स्वस्थ और संतुलित जीवन की वास्तविक कुंजी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story