17वें अंतर्राष्ट्रीय रंग मल्हार-2026 में 12 जुलाई को 100 से अधिक चित्रकार सन्दूक पर उकेरेंगे कला
भीलवाड़ा में 12 जुलाई को 17वें अंतर्राष्ट्रीय रंग मल्हार-2026 का आयोजन होगा, जहां 20 देशों सहित 100 से अधिक कलाकार सन्दूक पर अपनी कला उकेरेंगे।

तस्वीर में कलात्मक रूप से चित्रित लकड़ी का एक सन्दूक दिख रहा है जिस पर हरी और लाल पत्तियों के खूबसूरत डिजाइन बने हुए हैं।
भीलवाड़ा में स्थानीय आकृति कला संस्थान द्वारा जवाहर फाउंडेशन के सहयोग से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17वें अंतर्राष्ट्रीय रंग मल्हार-2026 का आयोजन 12 जुलाई को किया जाएगा। मेघ मल्हार की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस अनूठे कला आयोजन में देश-विदेश के 100 से अधिक चित्रकार एक ही विषय पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे।
आकृति कला संस्थान के सचिव कैलाश पालिया ने बताया कि मेघ मल्हार की तर्ज पर आयोजित ‘रंग मल्हार’ के माध्यम से भगवान इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की कामना की जाती है। मानव जाति की खुशहाली, सुख और समृद्धि की इसी मंगल कामना के साथ कलाकार समुदाय ने वर्ष 2012 में इस अनूठे आयोजन की शुरुआत की थी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन अब देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान बना चुका है।
कैलाश पालिया ने बताया कि इस आयोजन की प्रमुख विशेषता यह है कि प्रत्येक वर्ष चित्रांकन के लिए एक नए ‘ऑब्जेक्ट’ (वस्तु) का चयन किया जाता है। पिछले वर्षों में कलाकार छाते, हेलमेट, कारें, लालटेन, कैरीबैग, चाय की केतली, एप्रन और टी-शर्ट पर सफलतापूर्वक चित्रांकन कर चुके हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भारतीय सांस्कृतिक परिवेश और धरोहर के प्रतीक ‘सन्दूक’ का चयन किया गया है। सभी सहभागी कलाकार अपनी-अपनी विशिष्ट शैली में सन्दूक पर अपनी स्मृतियों और संस्कारों को कलात्मक रूप देकर जीवंत करेंगे।
कार्यक्रम में अन्नु प्रजापत, धनिष्ठा चपलोत, शान्ति लाल गाडरी, आर्या माहेश्वरी, अक्षरा माणम्या, उमंग उपाध्याय, पायल पाटीदार, दीप्ती चन्दवानी, नीतु कुमावत, सिद्धि केशवानी, भूवी केशवानी, अधीरा माहेश्वरी, दृष्टी जैन, अनुष्का पाराशर, अंकित बैरवा, गोपाल दास वैष्णव, चन्द्रशेखर कुम्हार, बबलू रेगर, मनीषा तम्बोली, ज्योती पारीक, सुमित गुर्जर, झलक रानी, यश्वी बाहेती, पूजा जैन, अवनी कोठारी, आरोही कोठारी, आध्या झंवर, काजल सोनी, सुदर्शिना सोनी, दिव्यांशी कुमावत, ममता न्याती, आयुष राठौड़िया, रूपाली पारीक, डॉ. सन्ध्या, डॉ. पंकज रानी, मन्जू गौतम, कावेरी देशवाल, कैलाश पालिया, दिव्यांशी राठौड़िया, सोनू पारीक, वेदिका शुक्ला, यशस्वी राठौड़, पायल पाटीदार, भूमि जैन, मन्जू मिश्रा, जी.एस. पंवार, इकबाल हुसैन सहित 100 से अधिक बाल, युवा एवं वरिष्ठ कलाकार भाग लेंगे।
आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष कार्यक्रम में देश-विदेश के 100 से अधिक नामचीन चित्रकार हिस्सा लेंगे। भारत के प्रमुख शहरों भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, अजमेर, बीकानेर, जयपुर, इलाहाबाद, लखनऊ, बड़ोदरा, दिल्ली, भोपाल, बनारस और अहमदाबाद के साथ-साथ इजिप्ट (मिस्र), ब्रूसेल्स, बांग्लादेश, फिलीपिंस, फ्रांस और इंडोनेशिया सहित दुनिया के करीब 20 देशों के कलाकार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से इस अंतर्राष्ट्रीय कला उत्सव से जुड़कर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक ‘सन्दूक’ पर आधारित यह आयोजन कला, परंपरा और सृजनशीलता के अनूठे संगम के रूप में आयोजित होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
