स्वतंत्रता दिवस पर भीलवाड़ा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, उपमुख्यमंत्री बैरवा ने फहराया तिरंगा
भीलवाड़ा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में जिला स्तरीय समारोह हुआ। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने तिरंगा फहराया, मार्च-पास्ट की सलामी ली और विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया।

भीलवाड़ा में 80वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह के दौरान पुलिस लाइन में तिरंगा फहराते हुए मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और अन्य अधिकारी।
भीलवाड़ा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह का संगम देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। तिरंगे के सम्मान में राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से समारोह स्थल राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।
उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने मार्च-पास्ट को सलामी दी। मेवाड़ भील कोर, राजस्थान पुलिस के पुरुष एवं महिला प्लाटून, राजस्थान गृह रक्षा दल, एनसीसी, हिन्दुस्तान स्काउट्स तथा राजस्थान स्टेट भारत स्काउट एवं गाइड के दलों ने अनुशासित मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बैंड वादन ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया।
उपमुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, शहीदों और वीर माताओं को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमारे लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक हमारी ताकत, सपने, संभावनाएं और जिम्मेदारियां हैं। भाषा, क्षेत्र और विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन तिरंगा हम सभी को एक सूत्र में बांधता है और राष्ट्र सर्वोपरि होता है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पर महाराणा प्रताप का शौर्य, मीरा की भक्ति और स्वाभिमान की भावना आज भी हमारी प्रेरणा है। इस धरती की हवा में स्वाभिमान और संकल्प है तथा यहां की रग-रग में मेहनत और संघर्ष की भावना है। राजस्थान ने हमेशा कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए इतिहास रचा है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं का आह्वान किया कि वे कठिनाइयों से घबराएं नहीं, बल्कि चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए आगे बढ़ें।
डॉ. बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित एवं समृद्ध राजस्थान के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और राष्ट्र निर्माण की भावना प्रत्येक नागरिक के जीवन का आधार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम आने वाली पीढ़ी को केवल सड़कें और इमारतें नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, पर्याप्त पानी और बेहतर जीवन की सुविधाएं भी देना चाहते हैं।
किसानों का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का किसान कठिन परिस्थितियों में भी धरती से सोना पैदा करता है। गर्मी, पानी और बाजार की चुनौतियों के बावजूद किसान निरंतर मेहनत करता है। राज्य सरकार पशुपालन, डेयरी और किसान कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा स्पष्ट विश्वास है कि किसान मजबूत होगा तो हमारा गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होगा तो राजस्थान मजबूत होगा। किसान की उम्मीद, बेटी का सपना और युवाओं का उज्ज्वल भविष्य ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है।
स्वाधीनता दिवस के मुख्य समारोह में सांसद श्री दामोदर अग्रवाल, विधायक श्री अशोक कोठारी, जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक श्री सागर राणा, एडीएम प्रशासन डॉ हरीतिमा, एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ हरीतिमा ने महामहिम राज्यपाल महोदय के संदेश का वाचन किया। संदेश के माध्यम से स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
समारोह में 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने वांटस, लेजियम-डम्बल्स एवं मुक्त हस्त व्यायाम का शानदार प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन का परिचय दिया। वॉण्ड्स प्रदर्शन में 23 विद्यालयों के 1,220 विद्यार्थी, लेजियम एवं डम्बल्स में 14 विद्यालयों के 760 तथा मुक्त हस्त व्यायाम में 26 विद्यालयों के 1,140 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राजस्थान की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मयूर स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर एवं सेंट्रल एकेडमी सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेमूमा की छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। राष्ट्रगान की गूंज के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक इत्यादि की माकूल व्यवस्थाएं की गईं। मंच संचालन पंडित अशोक व्यास, हिमांशी शर्मा, सौरभ शर्मा और पंकज पंवार ने किया।
इससे पूर्व जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने निवास स्थल, जिला कलक्टर कार्यालय, जिला परिषद, भीलवाड़ा क्लब और नगर विकास न्यास, भीलवाड़ा में तिरंगा फहराया। साथ ही जिलेभर में राजकीय कार्यालयों तथा निजी संस्थानों में उत्साह तथा गरिमापूर्वक स्वाधीनता दिवस का समारोह मनाया गया। इस प्रकार भीलवाड़ा में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ संपन्न हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
