भीलवाड़ा जिले में लंबे समय से सक्रिय अवैध बजरी कारोबारियों के खिलाफ जहाजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध बजरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। हाल ही में पुलिस की पल-पल की लोकेशन लीक करने वाले व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुप्स पर हुई सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस ने इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए योजनाबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया।

थानाधिकारी दयाराम चौधरी के निर्देशन में तैयार की गई गोपनीय रणनीति के तहत पुलिस के दो जवानों ने विशेष अभियान को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, लोकेशन ट्रेसर ग्रुप बंद होने के कारण बजरी तस्करों को कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी और वे यह समझते रहे कि रास्ता पूरी तरह सुरक्षित है। इसी दौरान पुलिस ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर घेर लिया।

कार्रवाई के दौरान बिना किसी वैध दस्तावेज के रात के अंधेरे में बजरी का परिवहन कर रही 9 बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके से जब्त कर लिया गया। इसके बाद सभी वाहनों को सुरक्षा के साथ थाने लाया गया। एक साथ 9 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़े जाने की सूचना फैलते ही जिले में सक्रिय बजरी सिंडिकेट में हड़कंप मच गया और कई लोग अपने-अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

थानाधिकारी दयाराम चौधरी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “यह तो सिर्फ शुरुआत है। अवैध खनन और बजरी की तस्करी करने वालों को भीलवाड़ा की धरती पर फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। जो भी कानून को चुनौती देगा, उसकी गाड़ियां भी जब्त होंगी और सलाखों के पीछे भी वही सड़ेंगे। हमारी यह कार्रवाई तब तक रुकने वाली नहीं है, जब तक बजरी माफियाओं की कमर पूरी तरह टूट न जाए।”

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से बजरी माफिया अवैध खनन और अपने सूचना तंत्र के सहारे पुलिस कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहे थे। इस बार जहाजपुर पुलिस ने उनके पूरे सूचना तंत्र को निष्क्रिय करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया। जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खनन विभाग और पुलिस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के साथ जहाजपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भीलवाड़ा जिले में अवैध खनन और बजरी तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story