भीलवाड़ा जिले में मंगरोप थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बनास नदी क्षेत्र में चल रहे एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुवारडी गांव स्थित नदी के पेटे में छापेमारी कर अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से पकड़े गए ट्रैक्टर चालक की पहचान गुवारडी निवासी धनराज गुर्जर के रूप में हुई है, जो अवैध रूप से बजरी परिवहन में शामिल था। इसके साथ ही पुलिस ने उन तीन अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखकर खनन माफियाओं को लोकेशन और जानकारी साझा कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार ये आरोपी पुलिस की टीम की गतिविधियों की रेकी कर रहे थे और माफिया नेटवर्क को सतर्क करने का कार्य कर रहे थे। पुलिस ने इनसे जुड़ी एक दुपहिया बाइक भी जब्त की है, जिसका उपयोग रेकी और निगरानी में किया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संगठित अपराध और सरकारी कार्य में बाधा से संबंधित धाराओं के साथ-साथ MMDR एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसके साथ ही मामले की जानकारी खनन विभाग और परिवहन विभाग (RTO) को भी भेज दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई के तहत भारी जुर्माना और वाहनों की जब्ती सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस व्हाट्सएप नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बजरी खनन से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story