भीलवाड़ा के हुरड़ा रोड पर मंगलवार को हुए एक भीषण सडक़ हादसे ने पुलिस के सामने तस्करी के काले कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया। दो गाडिय़ों की जोरदार भिड़ंत के बाद जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो दुर्घटनाग्रस्त अल्टो कार के भीतर से अवैध मादक पदार्थ (डोडा-चूरा) बरामद हुआ। हादसे के बाद दोनों ही वाहनों में सवार लोग गायब मिले।

भिड़ंत के बाद पलटी बोलेरो, अल्टो में मिला नशा

  • गुलाबपुरा पुलिस के अनुसार, हुरड़ा रोड पर एक अल्टो कार और बोलेरो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई।
  • टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सडक़ पर ही पलटी खा गई।
  • जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच की, तो अल्टो कार के भीतर का नजारा देखकर चौंक गई।
  • कार के अंदर अवैध डोडा-चूरा से भरे तीन कट्टे रखे हुए थे। एक्सीडेंट के कारण तस्करी की यह खेप बीच सडक़ पर ही उजागर हो गई।

शाहपुरा के मनोहरपुर की है कार, मालिक की पहचान हुई

पुलिस ने जब मौके से लावारिस हालत में मिली अल्टो कार के नंबरों के आधार पर जांच पड़ताल की, तो पता चला कि वाहन महेंद्र पिता श्यामलाल निवासी रतनपुरा, मनोहरपुर (शाहपुरा) का है। अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी एक्सीडेंट के बाद पकड़े जाने के डर से नशे की खेप छोडक़र मौके से भाग छूटा।

पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी

पुलिस ने अवैध डोडा-चूरा और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कार मालिक और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।


चिनाई कारीगर को लूटने वाला भरत चौदह साल बाद पकड़ा गया

भीलवाड़ा में चौदह साल पहले एक चिनाई कारीगर से मारपीट कर नकदी व गहने लूटने वाला भरत मीणा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस आरोपित पर 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। बता दें कि लूट में शामिल चार आरोपित पहले गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें से एक की मौत भी हो चुकी है।

  • वारदात 2012 में महाराजपुरा चौराहे पर हुई थी, जब सूलवाड़ा निवासी चिनाई कारीगर रघुनाथ बलाई मजदूरी कर घर लौट रहा था।
  • इसी दौरान बोलेरो से आये 5 लोगों ने रघुनाथ के साथ मारपीट कर उसके सात हजार रुपये और सोने का मांदलिया लूट लिया था।
  • आसींद पुलिस के अनुसार, फरार आरोपित भरतलाल (35) पुत्र लल्लूराम मीणा, निवासी परमानंदपुरा (जयपुर दक्षिण कोटखावदा), को मांडल थाना इलाके से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।
  • इस टीम में थाना प्रभारी के नेतृत्व में सुरेंद्र कुमार, भानू प्रकाश व महेंद्र शामिल थे।

भैंसें चोरी के दो आरोपित जेल से गिरफ्तार

भोजपुरा गांव के एक खेत से भैंसें चुराने के आरोपित दो लोगों को बागौर पुलिस ने गंगापुर सब जेल से प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

सहायक उप निरीक्षण गणपत लाल ने बताया:

"भोजपुरा निवासी नारायणी पत्नी राधेश्याम शर्मा ने 27 जनवरी को अपनी दो भैंसें और तीन बछड़े खेत पर बांधे थे। रात में दोनों भैंस और तीन बछड़े चोर चुरा ले गये थे।"

पुलिस ने इस मामले में मांडिया मंगरी निवासी काजू उर्फ अनमोल पुत्र हीरालाल बंजारा व हीरालाल सालवी पुत्र नगजीराम निवासी कोशिथल को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर चोरी किये पशुओं की बरामदगी के प्रयास कर रही है।


माफियाओं पर स्पेशल स्ट्राइक: अवैध बजरी से भरा डंपर दबोचा

जिले में अवैध खनन और बजरी माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की।

  • यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और आईपीएस माधव उपाध्याय के नेतृत्व में बडलियास थाना क्षेत्र में की गई।
  • डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रात के अंधेरे में अवैध बजरी का परिवहन किया जा रहा है।
  • आईपीएस माधव उपाध्याय की टीम ने बडलियास इलाके में जाल बिछाया और एक तेज रफ्तार डंपर को रुकवाकर जांच की, तो वह अवैध बजरी से भरा पाया गया।

कार्रवाई के बाद डीएसटी टीम ने जप्तशुदा डंपर को बडलियास थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। आये दिन कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियाओं में हडक़ंप मच गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story