भीलवाड़ा जिले में चोर-बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब बदमाश दिनदहाड़े भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। सोमवार दोपहर सदर थाना क्षेत्र के बड़ा महुआ गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए महज एक घंटे के भीतर नकदी और सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार पास के गांव में आयोजित जीमण कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था।

सदर थाना पुलिस के अनुसार बड़ा महुआ निवासी रेवा शंकर पुत्र बंशीलाल शर्मा सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ साकरिया गांव में आयोजित जीमण में शामिल होने गए थे। परिवार के बाहर जाने से मकान पूरी तरह सूना पड़ा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे चोरों ने मौके का फायदा उठाया और मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।

घर में घुसने के बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और तिजोरी के ताले चटकाए। बदमाश करीब 10 हजार रुपये की नकदी, सोने की चेन, कान की झुमकी, मांदलिया, कड़ा तथा चांदी की पायजेब सहित अन्य कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। पूरी वारदात को शातिर चोरों ने महज एक घंटे के अंतराल में अंजाम दिया।

दोपहर करीब 12:05 बजे जब रेवा शंकर शर्मा अपने परिवार के साथ जीमण से लौटे तो मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर प्रवेश करते ही सामान बिखरा पड़ा दिखाई दिया। अलमारी और तिजोरी की जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले, जिससे परिवार के होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। संदिग्धों के हुलिए और आसपास की गतिविधियों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात ने ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है और लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story