भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा के नगर निगम टाउन हॉल में बुधवार को एक ऐसा मंजर देखने को मिला जहाँ कला, समाजसेवा और प्रतिभा का अद्भुत संगम हुआ। सुप्रसिद्ध समाजसेवी और उद्योगपति, जवाहर फाउण्डेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला के 47वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिला यूनेस्को एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने शहर के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। समारोह का मुख्य आकर्षण 'फैशन आईकॉन' जया चौहान का भव्य नागरिक अभिनंदन रहा, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए दर्जनों संस्थाओं ने एक स्वर में सम्मानित किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अशोक कोठारी के उद्बोधन से हुआ, जिन्होंने यूनेस्को और जवाहर फाउंडेशन के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कोठारी ने कहा कि कलाकारों को मंच प्रदान करना और प्रतिभाओं को तराशना समाज की सबसे बड़ी सेवा है। समारोह की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली, जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, पूर्व सभापति मधु जाजू, दीपक व्यास और मंगलप्रसाद चौहान जैसे गणमान्य व्यक्तित्व मंच पर आसीन रहे। आयोजक गोपाल लाल माली ने अपने संबोधन में 'प्रतिभा और पानी' की तुलना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय कैनवास पर लाना ही इस आयोजन का मुख्य ध्येय है।

शाम की सांस्कृतिक छटा तब और गहरी हो गई जब इंटरनेशनल गजल गायक डॉ. दिपेश विश्नावत ने अपनी मखमली आवाज में 'शाम-ए-गजल' का आगाज किया। उनकी गायकी ने श्रोताओं को आत्मविभोर कर दिया, जिसके बाद रमा कत्थक संस्थान, इण्डसवैली स्कूल और डॉल्फिंस स्कूल के नन्हे कलाकारों ने राजस्थानी घूमर, देशभक्ति गीतों, कत्थक और शास्त्रीय संगीत की ऐसी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं कि पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सम्मान की कड़ी में फैशन आईकॉन जया चौहान के साथ-साथ स्केटिंग में स्वरा जैन और कराटे व स्विमिंग में नेशनल चैंपियन दिव्यांशी बेनीवाल को भी उनकी अद्वितीय प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में आयोजित विशाल 'पोष बड़ा महोत्सव' ने सामुदायिक सौहार्द की मिठास घोल दी।

इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चंद्र मुंदडा और प्रवक्ता व मंच संचालक मधु लोढा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में चेतन मानसिंहका, विशाल विजयवर्गीय, हरनारायण माली, वैभव जोशी, लोकेंद्र पण्डिया, रामचंद्र मुंडा, कमलेश जाजू, शंकर गोयल, तोताराम माली, राजेश आचार्य और राजेश जीनगर सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित थे। शांति जैन महिला मंडल, माली समाज विकास सेवा संस्थान पुर, भारतीय जैन संगठन, श्री प्राज्ञ जैन महिला मंडल, भीलवाड़ा शहर महिला मंडल, माली सैनी समाज कर्मचारी विकास संस्थान, त्रिशला महिला मंडल बापूनगर, अम मैत्री ग्रुप, जैन संस्कार महिला मंच, राजस्थान पत्रकार परिषद, ल्ंेी सिद्ध स्वाध्याय भवन, राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा, जेएसजी रॉयल ग्रुप, महावीर इंटरनेशनल क्वींस, मणी एजुकेशन, अखिल भारतीय प्रजापति समाज, वैश्य महिला संगठन, पद्मिनी क्लब, उपभोक्ता अधिकार समिति, कोहिनूर सेवा समिति, माहेश्वरी सभा आर सी व्यास, अखिल भारतीय आचार्य ब्राह्मण सेवा संघ, तुलसी जन कल्याण सेवा संस्थान, भीलवाड़ा जिला पैसेंनर एसोसिएशन, अंत्योदय फाउंडेशन राजस्थान, कोली समाज विकास संस्थान, पूर्वांचल जन चेतना समिति और जवाहर फाउंडेशन जैसी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी ने इस समारोह को एक सामाजिक आंदोलन का रूप दे दिया। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि भीलवाड़ा की एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का आईना भी साबित हुआ।

Next Story