भीलवाड़ा प्रसूता मौत मामला: न्याय की मांग तेज, जीनगर समाज ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा प्रसूता मौत मामला, Mahatma Gandhi Hospital Bhilwara maternal death case, जीनगर समाज सेवा संस्था गंगापुर ज्ञापन, Sangeeta Jitendra Kumar Jingar case, विवेक गुर्जर उपखंड अधिकारी भीलवाड़ा ज्ञापन

भीलवाड़ा में जीनगर समाज सेवा संस्था के प्रतिनिधि उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए।
महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में प्रसूता की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को जीनगर समाज सेवा संस्था (रजि.) गंगापुर के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि संगीता पत्नी जितेन्द्र कुमार जीनगर, निवासी पोटला तहसील सहाड़ा जिला भीलवाड़ा, को प्रसव के लिए 9 जुलाई 2026 को महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में लंबे समय तक प्रसव नहीं कराया गया और परिजन पूरे दिन इधर-उधर भटकते रहे। बाद में जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के पश्चात शाम को ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद 10 जुलाई को प्रसूता ने एक बच्ची को जन्म दिया।
समाज की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि बच्चेदानी निकालने की बात कहकर ऑपरेशन किया गया तथा बाद में अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उदयपुर रेफर कर दिया गया, जहां कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। मामले का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बिना जांच के विभिन्न माध्यमों में गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है। समाज ने मृतका को गरीब परिवार से बताते हुए कहा कि उसके तीन छोटे बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। ऐसे में सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा परिवार के एक सदस्य को राजकीय सेवा में नियुक्ति देने की मांग की गई है।
जीनगर समाज सेवा संस्था ने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर के माध्यम से राज्य सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन पर संस्था के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों के हस्ताक्षर भी किए गए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
