हिट एंड रन केस में शेरखान के पोते मीम अफजल का सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
भीलवाड़ा के प्रतापनगर में पुलिस नाकाबंदी तोड़कर हैड कांस्टेबल को स्कॉर्पियो से कुचलने के प्रयास के मामले में वांछित मीम अफजल ने न्यायालय में सरेंडर किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की।

भीलवाड़ा। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पुलिस नाकाबंदी तोड़कर हैड कांस्टेबल को स्कॉर्पियो से कुचलने के प्रयास के बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में मंगलवार को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। मामले में वांछित चल रहे मीम अफजल ने भीलवाड़ा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस अदालत पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताडा ने बताया कि गत 16 अक्टूबर की देर रात प्रतापनगर पुलिस चौकी के बाहर हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान रीको एरिया की ओर से तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस जवानों ने वाहन को रोकने के लिए बेरिकेड्स लगाए, लेकिन स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने नाकाबंदी तोड़ दी।
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए। वाहन की टक्कर से हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में चित्तौड़गढ़ जिले के साहिल खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक बंदूक भी बरामद की थी। मामले में सावा निवासी मीम अफजल पुत्र मोहम्मद सईद समेत चार आरोपी अब तक वांछित बताए जा रहे थे।
मंगलवार को मीम अफजल ने भीलवाड़ा न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसकी सूचना मिलते ही प्रतापनगर पुलिस कोर्ट पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मीम अफजल, दिवंगत खनन व्यवसायी मोहम्मद शेरखान का पोता बताया जा रहा है।
पुलिस अब आरोपी से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और फरारी के दौरान उसके ठिकानों को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात में उनकी संलिप्तता को लेकर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
