भीलवाड़ा जिले में चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान मिले अज्ञात युवक की अजमेर के जवाहर लाल नेहरू (JLN) अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक 14 अक्टूबर की रात पुर थाना क्षेत्र के समेलिया फाटक के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में अचेत मिला था। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के हाथ पर गुदा ‘दिनेश’ नाम ही फिलहाल उसकी पहचान का एकमात्र सुराग है। पुलिस युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ उसकी शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है।

पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) जमनालाल पंवार ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि समेलिया फाटक क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप और शराब ठेके के बीच सड़क किनारे अज्ञात युवक गंभीर हालत में अचेत पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले वहां से गुजर रहे राहगीरों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।

जिला अस्पताल में युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल रैफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान सोमवार को युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रयास शुरू किए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसके पास से अब तक ऐसा कोई दस्तावेज या अन्य सुराग नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हो सके। पुलिस ने युवक के शरीर का हुलिया और पहचान से जुड़े संभावित संकेतों की जांच की तो उसके हाथ पर ‘दिनेश’ नाम गुदा हुआ मिला। फिलहाल इसी टैटू के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि मामला किसी वाहन की टक्कर के बाद मौके से फरार होने यानी हिट-एंड-रन का है या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक वारदात है। पुर थाना पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। मृतक की पहचान नहीं होने और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस के सामने युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने की चुनौती बनी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story