भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल व्यक्ति की मौत, चालक फरार
भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर नानपुरा गुरुद्वारे के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैदल व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि वाहन चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।

अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार देर रात नानपुरा गुरुद्वारे के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से जान गंवाने वाले अज्ञात व्यक्ति का शव, जिसकी शिनाख्त के प्रयास माण्डल थाना पुलिस कर रही है।
अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नानपुरा गुरुद्वारे के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही माण्डल थाना पुलिस सक्रिय हुई और सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों और हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के बीच यह चर्चा है कि मृतक पेशे से चालक था और अधिकांश समय पंजाब में वाहन चलाने का कार्य करता था। लोगों का यह भी मानना है कि वह मूल रूप से राजस्थान का निवासी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर नाकाबंदी कर संभावित मार्गों पर जांच की जा रही है ताकि फरार चालक तक पहुंचा जा सके। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की तत्परता और समझाइश के चलते स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। यातायात भी सुचारू रूप से संचालित होता रहा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान अथवा दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क करे। मृतक की शिनाख्त और फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी अब इस मामले की जांच का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
