भीलवाड़ा में अवैध हवाला कारोबार का पर्दाफाश, 24.10 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस ने मध्य प्रदेश और गुजरात के दो युवकों को गिरफ्तार कर 24.10 लाख रुपये जब्त किए, साथ ही दो साल से फरार हथियार तस्कर भी पकड़ा गया।

भीलवाड़ा पुलिस द्वारा हवाला कारोबार के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई के दौरान जब्त की गई 24.10 लाख रुपये की नकदी और गिरफ्तार आरोपी।
भीलवाड़ा। शहर में अवैध हवाला कारोबार के खिलाफ भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 लाख 10 हजार रुपये की नकदी जब्त की है। दोनों आरोपी कथित रूप से कन्नुकांति के हवाला कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
आईपीएस की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बुधवार को एएसआई सुरेश कुमार, थाना कोतवाली भीलवाड़ा, मय जाप्ता गश्त पर थे। इसी दौरान आयुष श्रोत्रिय (आईपीएस) ने मोबाइल के जरिए सूचना दी कि:
"गोल प्याऊ चौराहा के पास एक गली में दो युवक बैग लेकर घूम रहे हैं, जिनमें भारी मात्रा में नकदी होने की आशंका है।"
तलाशी में मिली 500 और 200 के नोटों की गड्डियां
- सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
- महावीर सुगंध वाली गली में दो युवक हाथ में बैग लिए जाते दिखाई दिए।
- तलाशी लेने पर बैग में 500 और 200 के नोटों की गड्डियां भरी हुई मिलीं।
पूछताछ के दौरान दोनों युवक नकदी के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, रसीद या रजिस्ट्रेशन प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 24,10,000 रुपये की राशि को धारा 106 बीएनएसएस 2023 के तहत जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को धारा 126-170 बीएनएसएस में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- गोपाल सिंह (30): पुत्र मानसिंह परमार, निवासी छज्जुखेड़ी, थाना राघवी, जिला उज्जैन (मध्यप्रदेश)।
- सिद्धराज सिंह (30): पुत्र ममु उर्फ भवर सिंह वाघेला, निवासी कथरावी, थाना उनावा, जिला मेहसाणा (गुजरात)।
पुलिस का कहना है कि हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना है।
पुलिस टीम के सदस्य
- आयुष श्रोत्रिय (आईपीएस)
- कोतवाल शिवराज गुर्जर
- सुरेश कुमार (एएसआई)
- महावीर सिंह, राजेश, धर्मेंद्र, नंदकिशोर
पिस्टल सप्लायर नरेंद्र गिरफ्तार, दो साल से थी पुलिस को तलाश
भीलवाड़ा। दो साल से फरार पिस्टल सप्लायर नरेंद्र सिंह को गंगापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दो साल पहले पुलिस ने हरीसिंह राजपूत को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। तब पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि:
"उसने यह पिस्टल झासड़ा, प्रतापगढ़ निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ देवेंद्र सिंह पुत्र शंकरसिंह राजपूत से खरीदी थी।"
पुलिस ने नरेंद्र सिंह को नामजद कर उसकी तलाश शुरु की, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग पाया। फरार इस आरोपित को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
