भीलवाड़ा, 26 फरवरी। धर्मनगरी भीलवाड़ा के लिए 26 फरवरी गुरुवार का दिन एक ऐतिहासिक दिवस बन गया, जब हरिशेवा आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे ख्यातनाम महामंडलेश्वरों, श्री महंतों, महंतों व संत महात्माओं की एक ही मंच पर गरिमामयी मौजूदगी ने सनातन संस्कृति के "मिनी महाकुंभ" का नजारा प्रस्तुत कर दिया। इस दौरान उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरुशरणानंद महाराज रमणरेती मथुरा की अध्यक्षता एवं हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ महाराज के विशिष्ट आतिथ्य ने धर्मसत्ता के साथ राजसत्ता का संगम करा दिया।

सनातन दीक्षा और नव-दीक्षित संतों का अभिनंदन

समारोह के मुख्य आकर्षण दीक्षार्थी ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल एवं सिद्धार्थ रहे, जिनकी उदासीन अखाड़े के सनातनी संत दीक्षा की रस्में पूर्ण होते ही पूरा पांडाल सनातन के जयकारों से गूंजायमान हो उठा। दीक्षा के उपरांत ब्रह्मचारी इन्द्रदेव को ईशानराम उदासीन, ब्रह्मचारी कुनाल को केशवराम उदासीन एवं ब्रह्मचारी सिद्धार्थ को सुयज्ञराम उदासीन का सन्यासी नाम घोषित किया गया। श्रद्धालुओं ने गगनभेदी जयकारे लगाकर इस पल का स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित संत महात्माओं ने नव दीक्षित संतों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद भविष्य हेतु मंगलभावनाएं व्यक्त कीं और सनातन संस्कृति में संत के महत्व पर विस्तृत चर्चा की।

गुरु परंपरा और अध्यात्म का प्रकाश

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरुशरणानंद महाराज रमणरेती ने संबोधित करते हुए कहा कि — "हमारी गुरू परम्परा में सद्गुरू ही शिष्य के माध्यम से स्वयं को प्रकट करता है। संत अध्यात्म रूपी दीपक से समाज के अंधकार को दूर करते है। अपनी आत्मा के भीतर के अंधकार को मिटाने का सामर्थ्य गुरू के पास होता है।" उन्होंने तीनों दीक्षार्थियों के प्रति मंगलभावनाएं व्यक्त करते हुए आगे कहा कि — "भीलवाड़ा में हुई दीक्षा ने सनातन समाज को तीन नए दीपक प्रदान किए है। सनातनियों को संतों की शरण में जाने पर अपने अंदर विराजित परमात्मा के दर्शन होंगे। सद्गुरू आचार्य ही अज्ञान का आवरण हमारी आत्मा से हटाते है। संत संयम जीवन में लौकिक वासनाओं का त्याग कर सर्व कल्याण की कामना करता है।"

पीएम मोदी का नेतृत्व और सनातन संस्कृति का उत्थान

समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सनातनियों को वर्ष 2028 में महाकाल की नगरी उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के लिए सादर आमंत्रित करते हुए तीनों दीक्षार्थियों का अभिनंदन किया। डॉ. यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि — "भीलवाड़ा में दीक्षा दान समारोह में संत महात्माओं की मौजूदगी से इन्द्र के दरबार को भी शर्माने वाला अद्भुत दृश्य उपस्थित है। संतान वंश की अमरता की निशानी होती है तो दीक्षा से संत परम्परा की अमरता आती है और सनातन संस्कृति गौरान्वित होती है।" उन्होंने संतों की महिमा बताते हुए कहा कि — "संत हमारे दिव्य चक्षु होते है ओर इनके माध्यम से देवताओं के दर्शन होते है। संतों के लिए मन में श्रद्धा व आस्था के भाव होने चाहिए।" प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि — "वह दुनिया में वसुधैव कुटम्बकम ओर जीयो ओर जीने दो का संदेश देने वाली सनातन संस्कृति को फैला रहे है ओर सनातन के गौरव की पुर्नस्थापना हो रही है। मध्यप्रदेश सरकार भी उज्जैन, चित्रकूट आदि देवस्थानों को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर रही है।" मुख्यमंत्री ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के रिश्तों को परिभाषित करते हुए कहा कि — "राम में राज का मतलब राजस्थान ओर म का मतलब मध्यप्रदेश है, इन दोंनों का गहरा रिश्ता है ओर कोई जुदा नहीं कर सकता है।"

राष्ट्र रक्षा और सनातन धर्म का गौरव

राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ महाराज ने नव दीक्षार्थी संतों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए संदेश दिया कि — "व्यक्ति जैसा सोचता है वैसा हो जाता है। राष्ट्र व सनातन की रक्षा के लिए सभी को जागरूक होना पड़ेगा।" समारोह में राजस्थान सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि — "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति मजबूत हो रही है। उनके शासन में ही राम मंदिर निर्माण का 500 वर्ष पुराना सपना साकार हुआ है। हरि ओर हर का मिलन हो रहा है।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि — "भीलवाड़ा धर्मनगरी बन चुका है ओर तीनों दीक्षार्थी संत सनातन धर्म का गौरव बढ़ाएंगे ऐसा विश्वास है।"

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story