भीलवाड़ा: हरि शेवा उदासीन आश्रम में गोपाष्टमी पर गौपूजन और महाआरती
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौमाता को 251 किलो लापसी और फलों का भोग अर्पित कर गौसेवा का संदेश दिया गया।

भीलवाड़ा के हरि शेवा उदासीन आश्रम में गोपाष्टमी पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने गौपूजन किया।
भीलवाड़ा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौमाता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती की गई। धार्मिक आयोजन में गौमाता को 251 किलो लापसी और फल का भोग अर्पित कर प्रसाद खिलाया गया।
पूजन कार्यक्रम में आचार्य पंडित रोशन शास्त्री सहित पं. हरिप्रसाद उपाध्याय, शम्भूलाल शर्मा, हरिओम पाण्डे, लवकुश पाण्डे एवं मनमोहन शर्मा ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार गौपूजन संपन्न करवाया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि सनातन धर्म में कार्तिक मास को अत्यंत पवित्र एवं पुण्यदायी माना गया है। इस महीने में अनेक धार्मिक पर्व और त्योहार मनाए जाते हैं। कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण लीला का शुभारंभ किया था। तभी से इस तिथि को गोपाष्टमी के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है।
स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपने दैनिक जीवन में गौसेवा के लिए नियमित रूप से समय निकालना चाहिए। गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। गौसेवा केवल धार्मिक कर्तव्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन में पुण्य, करुणा और संस्कारों के विकास का भी माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी सामर्थ्य के अनुसार प्रतिदिन गौसेवा करने और गौमाता के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संत मयाराम, संत राजाराम, संत गोविन्द राम, संत केशव राम, बालक मिहिर, आश्रम सचिव हेमंत वच्छानी, पल्लवी वच्छानी, गोपाल नानकानी, सुनीता नानकानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आश्रम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से गौसेवा, संरक्षण और सनातन परंपराओं के पालन का संदेश दिया गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
