भीलवाड़ा: हरी शेवा उदासीन आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव और बाबा शेवाराम साहेब का उत्सव
महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम के सानिध्य में सुंदरकाण्ड पाठ, विशेष रोट भोग और विशाल भंडारे के साथ भक्तों को रामचरितमानस प्रतियों का वितरण किया गया।

भीलवाड़ा के हरी शेवा उदासीन आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित धर्म सभा में उपस्थित महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन और अन्य श्रद्धालुगण।
भीलवाड़ा। श्री हरी शेवा उदासीन आश्रम सनातन मन्दिर में आज गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के पावन सानिध्य में आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव और परम पूज्य बाबा शेवाराम साहेब जी का मासिक प्राकट्य उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
हनुमान जन्मोत्सव का पावन पर्व
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह से ही आश्रम में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया। विद्वान पंडित सत्यनारायण शर्मा द्वारा श्री हनुमान चालीसा एवं सुन्दरकाण्ड के संगीतमय पाठ किए गए। भक्तिरस से सराबोर इन पाठों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे मंदिर परिसर में "राम राम", "जय श्री राम" और "जय हनुमान" के जयघोष गूंजते रहे। धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार हनुमान जयंती के उपलक्ष में बजरंग बली को विशेष 'रोट' का भोग लगाया गया।
बाबा शेवाराम साहेब का मासिक प्राकट्य उत्सव
चैत्र पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आश्रम के संस्थापक परम पूज्य बाबा शेवाराम साहेब जी का मासिक प्राकट्य उत्सव मनाया गया। इस दौरान विशेष सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने बाबा साहेब के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि "संतों के सानिध्य और भक्ति के मार्ग से ही जीवन में शांति और आनंद की प्राप्ति संभव है। आज का यह आयोजन हनुमान जी की शक्ति और बाबा शेवाराम साहेब के आशीर्वाद का प्रतीक है।"
विशाल भण्डारा और धर्म प्रचार
महाआरती के पश्चात आश्रम में विशाल भण्डारे का आयोजन हुआ, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सनातन धर्म और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए श्रद्धालुओं को हनुमान चालीसा और श्रीरामचरितमानस ग्रंथों का वितरण किया गया। इस दौरान संत मायाराम, राजाराम, गोविंदराम, ब्रह्मचारी मिहिर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
