जेठ माह की प्रचंड तपिश और झुलसाने वाली लू के बीच भीलवाड़ा शहर में सेवा की एक अनूठी बयार बहने वाली है। हेड पोस्ट ऑफिस के समीप स्थित सुप्रसिद्ध श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर द्वारा भीषण गर्मी से त्रस्त आमजन को राहत देने के उद्देश्य से कल, 16 मई शनिवार को विशाल निःशुल्क शीतल छाछ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर के बाहर आयोजित होने वाले इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से हजारों राहगीरों और श्रद्धालुओं का गला तर कर उन्हें गर्मी से निजात दिलाई जाएगी।

महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज की पावन प्रेरणा एवं सानिध्य में आयोजित इस पुनीत कार्य का विधिवत शुभारंभ सुबह 10 बजे पूजा-अर्चना एवं मंगलाचार के साथ होगा, जिसमें गौभक्त विधायक अशोक कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात सरस डेयरी के विशेष टैंकर से शीतल छाछ का वितरण शुरू होगा। आयोजन की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 5 हजार लीटर क्षमता का विशेष टैंकर मंदिर परिसर पहुंचेगा, जिससे 10 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। भीषण धूप को देखते हुए टेंट लगाकर छाया का विशेष प्रबंध किया गया है ताकि सुव्यवस्थित रूप से वितरण कार्य संपन्न हो सके। इस पुनीत कार्य में महावीर अग्रवाल, रमेश बंसल और सांवरमल बंसल सहित अनेक गणमान्य समाजसेवी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। आयोजन समिति में हेमन्त पुरी, दीपक सिन्धी, मुकेश मनिहार, गगन जैन, दिलीप कोगटा, अमित डागा, गजानन्द बजाज, पीयूष डाड, कन्हैया लाल स्वर्णकार, राधेश्याम सोमानी, पिंकेश पुरी, मनोज भारद्वाज, अभिषेक मीणा, भूपेंद्र जैन, सूरज करण चौधरी, भानु प्रताप सिंह राणावत, हेमंत धाकड़ और सुखदेव तेली सहित अनेक भक्तगण व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर शहर में अपनी विशिष्ट धार्मिक और सामाजिक पहचान रखता है। महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के मार्गदर्शन में यहाँ हनुमान जयंती, जन्माष्टमी और अन्नकूट जैसे पर्वों पर समय-समय पर बड़े स्तर पर सेवा कार्य आयोजित किए जाते रहे हैं। कल होने वाला यह आयोजन भी उसी सेवा परंपरा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करता है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story