पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर धर्मनगरी भीलवाड़ा में राष्ट्र कल्याण की भावना से ओत-प्रोत पहली बार सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस भव्य अनुष्ठान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सोमवार से प्रारंभ होकर यह महायज्ञ 14 जून तक निरंतर चलेगा, जिसके माध्यम से भगवान श्री हरि और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त करने का संकल्प लिया गया है।

यज्ञ का संचालन श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के आचार्यत्व में संपन्न होगा। आयोजन स्थल पर 11 कुण्डीय विशाल यज्ञ मण्डप का निर्माण किया गया है, जिसमें प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक साथ 44 जजमान आहुति प्रदान कर सकेंगे। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि इस अनुष्ठान में 111 कलशों को लक्ष्मी स्रोत से सिद्ध किया जाएगा, जो पूर्णाहुति के उपरांत यजमानों को प्रदान किए जाएंगे। विशेष औषधियों द्वारा आहूत इस हवन का मुख्य उद्देश्य दसविद् लक्ष्मी प्राप्ति, ऋण मुक्ति, रोग नाश और राष्ट्र का कल्याण सुनिश्चित करना है।

धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही सांस्कृति चेतना के प्रसार हेतु आश्रम परिसर में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से वृन्दावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्तिपूर्ण रासलीला का मंचन भी किया जाएगा। महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार सुबह 8 बजे श्री चारभुजानाथ मंदिर, छोटी हरणी से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात यज्ञ मण्डप प्रवेश, देवता स्थापना पूजन एवं अग्नि मंथन के साथ यज्ञ की विधिवत शुरुआत की जाएगी। 9 जून मंगलवार को गुड़, केसर, अनार, हरिद्रा सहित अनेक प्रकार के द्रव्यों से हवन किया जाएगा। अनुष्ठान की पूर्णाहुति 14 जून को अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगी, जिसके उपरांत आरती और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता एवं छोटी हरणी के ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग से आयोजित यह महायज्ञ भीलवाड़ा के आध्यात्मिक इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story