भीलवाड़ा के छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में बुधवार को श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर वृन्दावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सौभाग्यशाली होते हैं वे लोग जिन्हें भागवत रूपी अमृत का श्रवण करने का अवसर मिलता है। पवित्र भावों के साथ भागवत की गंगा में डुबकी लगाने वाले व्यक्ति का जीवन सफल हो जाता है। श्रीमद् भागवत जन्म-मरण के बंधन समाप्त कर इस लोक के साथ परलोक को भी सुधारने का माध्यम है।

महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव के प्रथम दिन कथा प्रारंभ होने से पहले सुबह दादीधाम से हनुमान टेकरी तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद कथा स्थल पर श्रीमद् भागवत की स्थापना की गई। पहले दिन आचार्य शास्त्री ने श्रीमद् भागवत महात्म्य, व्यास-नारद संवाद और कुंती स्तुति प्रसंग का वाचन किया।

कथा के दौरान आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण जीवन को धन्य करने के साथ परमात्मा की प्राप्ति का माध्यम बनता है। भागवत वक्ता वैरागी और श्रोता प्रभु अनुरागी हो, तभी भक्ति की सरिता प्रवाहित होने का आनंद मिलता है। भागवत कथा मनोरंजन नहीं, बल्कि मन का भंजन करने वाला विषय है। इसके श्रवण से हरि हमारे भीतर प्रवेश करते हैं। भगवान की कृपा के बिना उनके नाम का उच्चारण भी संभव नहीं है। कर्म आड़े आने पर व्यक्ति कथा श्रवण का अवसर भी प्राप्त नहीं कर पाता।

उन्होंने कहा कि भागवत रूपी साबुन अंतःकरण को स्वच्छ कर मन की मलिनता दूर करता है। सच्चिदानंद स्वरूप भगवान से संबंध जोड़ने के लिए उनके स्वरूप को पहचानना आवश्यक है। यह ज्ञान यज्ञ है, जिसमें तप और त्याग से अधिक भाव की आवश्यकता होती है। ज्ञान यज्ञ के माध्यम से परमात्मा की प्राप्ति हो सकती है। श्रोता का ज्ञानी होना भी जरूरी है, ताकि वह वक्ता के बौद्धिक स्तर का आकलन कर सके।

आचार्य शास्त्री ने कहा कि जीवन में सत्संग से बड़ा आनंद देने वाला कोई दूसरा माध्यम नहीं है। दुनिया का वैभव केवल मजा दे सकता है, जबकि वास्तविक आनंद सत्संग से मिलता है। भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति होने पर जीवन सफल हो जाता है। जीवन में कितने भी संकट आएं, लेकिन ईश्वर के प्रति भक्ति और श्रद्धा कभी कम नहीं होने देनी चाहिए।

कथा के सूत्रधार महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा की सेवाओं की सराहना करते हुए आचार्य शास्त्री ने कहा कि वे गौसेवा का अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। कृष्ण भक्ति करने वालों को गाय से प्रेम करना चाहिए। यदि गाय पालना संभव नहीं हो तो गौशाला में जाकर गाय को गोद लेना चाहिए। जो गोसेवा करता है, वही गोपाल कहलाता है।

महोत्सव के शुभारंभ पर कलश शोभायात्रा से पहले महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में सांगोपांग पंचांग देवी-देवताओं का विधिपूर्वक पूजन किया गया। यह पूजन वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री ने सम्पन्न कराया। इसके बाद बैण्ड की मधुर स्वरलहरियों के बीच शोभायात्रा दादीधाम से हनुमान टेकरी के लिए रवाना हुई। इसमें महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा और कथा व्यास आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री सहित कई संत-महात्मा शामिल हुए। अनेक संत बग्गियों में विराजमान थे।

शोभायात्रा में महन्त रामस्नेहीदास आकोला, महंत रामदास महाराज चित्तौड़गढ़, पंचमुखी दरबार के संत परमेश्वरदास महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महन्त संतदास महाराज, वृन्दावन से आए महन्त शालिग्रामदास काठियाबाबा, महंत ब्रजवल्लभशरण काठियाबाबा, महंत कुंजबिहारीशरण काठियाबाबा, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, निलेश महाराज, हनुमान टेकरी मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज महाराज, विष्णु महाराज और किन्नर अखाड़े की प्रिया दीदी सहित अन्य संत-महात्मा शामिल हुए।

श्रद्धालु छीतरमल लौहार श्रीमद् भागवत कथा की पोथी सिर पर धारण कर चल रहे थे। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। कई महिलाएं नृत्य करते हुए आगे बढ़ रही थीं। शोभायात्रा में तेजसिंह पुरावत, देवीलाल भदाला, रामस्वरूप जाट, रामेश्वरलाल वैष्णव, भगवानसिंह, पार्षद शंकरलाल जाट, मंजू पोखरना, रेखाकंवर झाला, प्रेमलता शर्मा, गोपाल शर्मा, घीसु जाट, बंशीलाल प्रजापत, अंकित सोमानी, रामचन्द्र शास्त्री, गोवर्धन वैष्णव, श्रीकृष्ण देवनारायण गौशाला गलवा रायपुर के गौसेवक भंवरलाल खारोल, इन्द्रमल गुर्जर और शशिकुमार सहित छोटी हरणी एवं भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु और भक्तगण शामिल हुए।

नवदुर्गा अखाड़ा की बालिकाओं ने भी शोभायात्रा में भाग लिया। अखाड़े के प्रकाशचंद, मनोज सोनी और टीनु जैन व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। बैण्ड की भक्तिपूर्ण स्वरलहरियों से पूरी शोभायात्रा का माहौल धर्ममय बना रहा। समाज के विभिन्न वर्गों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया।

कथा के दौरान भक्तिमय भजनों से पूरा पांडाल भक्ति के वातावरण में सराबोर रहा। भजन शुरू होते ही प्रभु भक्ति में डूबे श्रद्धालु मंच के सामने पहुंचकर नृत्य करने लगे और भक्ति के आनंद में शामिल हुए। प्रथम दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ की आरती भगवानसिंह, श्यामसुंदर सोमानी और छीतरमल लौहार सहित अन्य श्रद्धालुओं ने की।

श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में होगा। दूसरे दिन गुरुवार को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र और ध्रुव चरित्र प्रसंगों का वाचन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक विशेष सजावट की गई है। मार्ग पर जगह-जगह स्वागत के बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं। कलश शोभायात्रा के साथ शुरू हुए इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ में आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं को भागवत के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story