भीलवाड़ा। सिक्ख पंथ के पांचवें गुरू, साहिब श्री गुरू अर्जनदेव जी महाराज का पावन शहीदी दिवस गुरुवार को भीलवाड़ा के सिन्धुनगर स्थित गुरूद्वारा साहिब में असीम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। शहीदों के सिरताज के बलिदान को नमन करने के लिए उमड़ी सिक्ख संगत ने दिनभर धार्मिक आयोजनों के माध्यम से गुरू महाराज के त्याग को याद किया। इस अवसर पर धार्मिक दीवानों की गूंज और गुरबाणी के कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, वहीं सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की गई।

गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि शहीदी पर्व की विशेष श्रृंखला के अंतर्गत प्रातः 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की पूर्णाहूति हुई। इसके पश्चात ज्ञानी करनैल सिंह और ज्ञानी सुखबीर सिंह ने मधुर कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। उन्होंने ‘रे मन राम सियो कर प्रीत’ और ‘जपयो जिन अरजन देव गुरू’ जैसी पंक्तियों का गायन कर गुरू महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला। ज्ञानी जी ने इतिहास को रेखांकित करते हुए बताया कि गुरू अर्जन देव जी ने वर्ष 1606 में लाहौर में सत्य और धर्म की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहते हुए शहादत दी थी। उन्होंने संगत को परमात्मा की रजा में राजी रहने का संदेश दिया और याद दिलाया कि गुरू साहिब ने ही श्री गुरू ग्रंथ साहिब का संपादन और सुखमनी साहिब की रचना की थी।

प्रार्थना सभा के बाद, संगत द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर ठंडे-मीठे शर्बत की छबीलें लगाकर भीषण गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझाई गई। शाम 7.30 बजे विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन हुआ, जिसके समापन पर स्त्री सत्संग सभा द्वारा गुरू का अटूट लंगर वितरित किया गया।

इस पावन अवसर पर सेवा को समर्पित सिक्ख यूथ ग्रुप ‘खालसा सेवा संस्थान’ द्वारा एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में समाज के सभी वर्गों के युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 81 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। रक्तदान के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने शुगर और बीपी की जांच करवाई। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए गए। संस्थान के सदस्यों ने मेडिकल टीम और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा कार्य को गुरू अर्जन देव जी के बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story