बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
तिलक नगर में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटने से बागीत निवासी युवक की मौत, साथी घायल।

भीलवाड़ा के तिलक नगर में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत के बाद पलटा हुआ वाहन।
शहर में बजरी माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस और प्रशासन की चुप्पी के बीच रविवार को एक और दर्दनाक हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। तिलक नगर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास मौत बनकर दौड़ी बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली की रफ्तार अत्यधिक तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन स्वयं भी पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर युवक का शव बिछ गया। दुर्घटना के तुरंत बाद बजरी माफिया का चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि बाइक सवार युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जिले के बागीत रामनिवासी राकेश धाकड़ (21 वर्ष) पुत्र फोरू धाकड़ की मृत्यु हो गई, जबकि भवानीपुर निवासी गोविंद पुत्र छीतर धाकड़ घायल हो गया। भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को मोर्चरी में रखवाया और घायल को अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
भीलवाड़ा में बजरी माफियाओं का बढ़ता उत्पात आमजन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे पुलिस, परिवहन और माइनिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम दौड़ते इन वाहनों की भयावह सच्चाई उजागर करती है, जहां रफ्तार का जुनून जानलेवा साबित हो रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
