बजरी माफिया पर भीलवाड़ा पुलिस का बड़ा प्रहार, खूनी गैंगवार के 3 और आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा में बजरी माफिया के दो गुटों की खूनी भिड़ंत के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया, अब तक 6 आरोपी दबोचे गए।

भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन और परिवहन से जुड़े आपराधिक गिरोहों के खिलाफ जिला पुलिस कप्तान सागर राणा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुवाणा-कोटा बायपास पर हथियारों से लैस होकर दो गुटों के बीच हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज वारदात में अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
घटना 19 अगस्त 2026 की है। सुवाणा-कोटा बायपास पर अमित जाट सरपंच के फार्म हाउस के सामने अवैध बजरी माफिया से जुड़े दो गुट आपसी रंजिश के चलते आमने-सामने आ गए थे। एक-दूसरे की जान लेने की नीयत से बदमाशों ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और पिकअप कैम्पर की जोरदार भिड़ंत करा दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां से पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो, कीचड़ में फंसी कैम्पर और दूसरी स्कॉर्पियो को जब्त किया। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें लोहे और लकड़ी के बेसबॉल बैट, धारदार चाकू, लोहे के पाइप और रॉड जैसे खतरनाक हथियार मिले।
मामले में थाना सदर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य और पुलिस उप अधीक्षक अंजली सिंह, वृत्त सदर के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रहलाद सहाय की विशेष टीम ने दबिश देकर 05 सितंबर 2026 को घटना में शामिल 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 07 सितंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल शर्मा (30) पुत्र मोतीलाल शर्मा, निवासी पथिक नगर (हाल देवछाया, थाना सदर), पंकज चौधरी (23) पुत्र भंवर चौधरी, निवासी नई ईंरास और महेश सुथार (19) पुत्र लादूलाल सुथार, निवासी नई ईंरास शामिल हैं।
इससे पहले पुलिस सुनील चौधरी (26) पुत्र घनश्याम चौधरी, निवासी सुवाणा, राधेश्याम जाट (25) पुत्र हीरालाल जाट, निवासी सुवाणा और नारायण लाल उर्फ मामा (35) पुत्र देवबक्ष जाट, निवासी नई ईंरास को गिरफ्तार कर चुकी है।
पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी प्रहलाद सहाय के नेतृत्व में कांस्टेबल कमल किशोर, ऋषिकेश, अनिल, सुरेंद्र कुमार, हरकेश तथा कांस्टेबल भंवर का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुटबाजी, संगठित अपराध और बजरी माफिया से जुड़े खूनी खेल को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
