भीलवाड़ा में ग्रामीण हाट बाजार की जर्जर दीवार ढही, मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत
सुभाष नगर क्षेत्र में कचरा फेंकते समय हुआ हादसा, पहले शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं कराने पर स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

भीलवाड़ा में जर्जर दीवारों का खतरा अब जानलेवा साबित होने लगा है। बुधवार सुबह ग्रामीण हाट बाजार की वर्षों पुरानी दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबने से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला धापू देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने पहले शिकायतें किए जाने के बावजूद दीवार की मरम्मत नहीं कराने को लेकर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
घटना बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे सुभाष नगर थाना क्षेत्र में हुई। धापू देवी (60) पत्नी वर्दी चंद ढीबरिया घर के सामने स्थित दीवार के पास कचरा फेंकने गई थीं। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दीवार गिरने की तेज आवाज और महिला की चीख सुनकर परिजन तुरंत बाहर पहुंचे। आसपास के लोगों की मदद से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई के अनुसार, धापू देवी करीब पांच मिनट तक मलबे के नीचे दबी रहीं। पत्थरों के नीचे दबते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया। परिजन सुबह करीब 8.15 बजे उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ग्रामीण हाट बाजार की यह दीवार वर्षों पुरानी थी और लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। निर्माण के बाद से इसकी उचित मरम्मत तक नहीं कराई गई। क्षेत्रवासियों का दावा है कि दीवार की खतरनाक स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। लोगों ने संभावित हादसे की आशंका जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान भी आकर्षित किया था, लेकिन कथित तौर पर इस दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया गया।
बुजुर्ग महिला की मौत के बाद क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सवाल उठाया कि जब दीवार की जर्जर हालत की जानकारी पहले से थी और इसकी शिकायतें भी की गई थीं, तो समय रहते उसे सुरक्षित क्यों नहीं किया गया। लोगों ने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने ग्रामीण हाट बाजार की पूरी जर्जर दीवार को तत्काल हटाकर नए सिरे से निर्माण कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि समय रहते ऐसी खतरनाक संरचनाओं को सुरक्षित करना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
